विधायक के नाती का सनसनीखेज आरोप,दो युवकों ने ₹65 हजार लूटे, पिस्तौल तानी और की फायरिंग

फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा के नाती हर्ष वर्मा ने दो परिचित युवकों पर मारपीट, लूट और जानलेवा हमले के गंभीर आरोप लगाए हैं। हर्ष का आरोप है कि आरोपियों ने आई लव आगरा प्वाइंट के पास उन्हें बुलाकर कार के डैशबोर्ड में रखे ₹65,200 छीन लिए, पिस्तौल दिखाकर धमकाया और फायरिंग भी की। घटना के बाद जान से मारने की धमकी देने वाले फोन आने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में ताजगंज थाने में तहरीर दी गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।

Jun 24, 2026 - 15:30
 0
विधायक के नाती का सनसनीखेज आरोप,दो युवकों ने ₹65 हजार लूटे, पिस्तौल तानी और की फायरिंग
विधायक नाती हर्ष घटना के बारे में बताता हुआ।

आगरा। आगरा के ताजगंज क्षेत्र में फतेहाबाद विधायक छोटेलाल वर्मा के नाती हर्ष वर्मा के साथ कथित मारपीट, लूट और फायरिंग का मामला सामने आया है। हर्ष वर्मा ने कलाल खेरिया निवासी धर्मेन्द्र राजपूत और पीपल चौकी फतेहाबाद निवासी सोनू वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए ताजगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

हर्ष वर्मा के अनुसार, वह देर रात किसी व्यक्ति से रुपये लेकर अपने एक मित्र को छोड़ने के लिए टीडीआई सिटी तक गया था। इसके बाद वह खाना खाने के लिए अनप्लग्ड कोर्टयार्ड पहुंचा, लेकिन वहां पहुंचने पर रेस्टोरेंट बंद मिला। इसके बाद वह आई लव आगरा प्वाइंट के पास पहुंच गया।

हर्ष का आरोप है कि वहां पहले से मौजूद धर्मेन्द्र राजपूत और सोनू वर्मा स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे हुए थे। दोनों कथित रूप से शराब के नशे में थे। आरोप है कि दोनों ने उससे रुपये मांगने शुरू कर दिए। जब उसने रुपये देने से इनकार किया तो दोनों ने उसके साथ मारपीट की।

पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने उसकी कार के डैशबोर्ड में रखे ₹65,200 जबरन निकाल लिए। विरोध करने पर पिस्तौल दिखाकर धमकाया गया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की गई। हर्ष वर्मा ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसे लगातार धमकी भरे फोन कॉल आ रहे हैं, जिनमें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है।

मामले की शिकायत ताजगंज थाने में दी गई है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सभी आरोपों की जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।