आगरा के बाह क्षेत्र में छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों की पुरानी रंजिश भड़की, आपसी संघर्ष में महिलाओं-बच्चों समेत दर्जन भर घायल

-नीरज परिहार- बाह। थाना क्षेत्र के गांव विक्रमपुर घाट में बुधवार रात छेड़छाड़ का विरोध और पुराने विवाद को लेकर ऐसा बवाल हुआ कि गांव रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग गाली-गलौज करते हुए आमने-सामने आ गए और फिर जमकर लाठी-डंडे चले। हालात इतने बिगड़ गए कि दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

May 7, 2026 - 17:15
 0
आगरा के बाह क्षेत्र में छेड़छाड़ के बाद दो पक्षों की पुरानी रंजिश भड़की, आपसी संघर्ष में महिलाओं-बच्चों समेत दर्जन भर घायल
बाह क्षेत्र के विक्रमपुर घाट गांव में बीती रात हुए संघर्ष में घायल हुए लोग।

बताया जा रहा है कि गांव में पहले से चला आ रहा विवाद छेड़छाड़ की घटना के विरोध के बाद और भड़क उठा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के दर्जनों लोग एकत्र हो गए और एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। हिंसक झड़प के दौरान महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी चपेट में आ गए। संघर्ष में प्रेमपाल, अरुण, हरिशंकर, श्याम सखी, रोशनी, जनक सिंह, लाइक सिंह, सचिन, राजेंद्र, अनुज, अक्षय और जयसिंह समेत करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

गांव में अचानक हुए खूनी संघर्ष से दहशत फैल गई। पथराव और लाठीचार्ज जैसे हालात के बीच लोग जान बचाने के लिए घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही थाना बाह पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार किया।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने, गाली-गलौज और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क बनी हुई है ताकि दोबारा कोई विवाद न भड़क सके।

SP_Singh AURGURU Editor