मां की अस्मिता पर हमला, मासूम के सिर पर बोतल, फिर प्लेटफॉर्म पर फूटा परिवार का गुस्सा
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर हैदराबाद जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रही महिला के साथ एक वेंडर ने कथित तौर पर छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर महिला, उसके पति और बच्चे के साथ मारपीट की गई तथा बच्चे के सिर पर बोतल मारने का आरोप है। इसके बाद परिवार ने आरोपी वेंडर को प्लेटफॉर्म पर खींचकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जीआरपी ने आरोपी को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान किया है।
आगरा कैंट स्टेशन पर छेड़छाड़ के बाद हंगामा, महिला ने आरोपी वेंडर को गिराकर पीटा, वीडियो वायरल
आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ट्रेन में सफर करने जा रही एक महिला के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई। आरोप है कि विरोध करने पर न केवल महिला के साथ मारपीट की गई, बल्कि उसके मासूम बच्चे के सिर पर भी बोतल से हमला कर दिया गया। घटना के बाद परिवार का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी वेंडर को प्लेटफॉर्म पर खींचकर जमकर पीटा गया। पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार रात आगरा का एक परिवार हैदराबाद जाने के लिए आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचा था। ट्रेन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर आते ही परिवार अपने कोच में चढ़ गया। इसी दौरान ट्रेन में सामान बेचने वाले एक वेंडर ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ कर दी।
महिला ने जब इसका विरोध किया तो मामला बढ़ गया। आरोप है कि वेंडर ने महिला के पति से भी हाथापाई शुरू कर दी। विवाद के दौरान बच्चे के सिर पर बोतल मार दी गई, जिससे परिवार और अधिक आक्रोशित हो गया। इतना ही नहीं, आरोप है कि महिला को भी धक्का देकर नीचे गिराने की कोशिश की गई।
मां और बच्चे के साथ हुई इस घटना के बाद परिवार का सब्र जवाब दे गया। महिला के पति ने आरोपी वेंडर को ट्रेन से नीचे खींच लिया। इसके बाद महिला ने भी अपना गुस्सा जाहिर करते हुए आरोपी की पिटाई कर दी। प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर तक वहां हंगामे जैसी स्थिति बनी रही।
घटना के दौरान मौजूद किसी यात्री ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में प्लेटफॉर्म पर आरोपी की पिटाई और लोगों की भीड़ साफ दिखाई दे रही है।
जीआरपी कैंट प्रभारी संदीप तोमर ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी वेंडर को हिरासत में ले लिया। चूंकि पीड़ित परिवार को अपनी ट्रेन से यात्रा करनी थी, इसलिए वे आगे के सफर पर निकल गए। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शांतिभंग की धारा में चालान किया है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर महिला के साथ हुई इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा के लिए और अधिक सतर्क व्यवस्था की आवश्यकता है।