बरगी डैम क्रूज हादसे पर सांसद नवीन जैन ने संवेदना जताई, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

मध्य प्रदेश के बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर इस घटना की उच्च स्तरीय, निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग की है, साथ ही दोषियों पर कठोर कार्रवाई की बात कही है।

May 3, 2026 - 19:48
 0
बरगी डैम क्रूज हादसे पर सांसद नवीन जैन ने संवेदना जताई, दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग

आगरा। बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे में कई निर्दोष लोगों की असमय मौत पर सांसद नवीन जैन ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति सहानुभूति जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है।

सांसद नवीन जैन ने अपने पत्र में कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा पहले से चेतावनी जारी किए जाने के बावजूद संबंधित क्रूज को संचालन की अनुमति देना घोर लापरवाही को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हादसे के समय रेस्क्यू टीम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और जल पुलिस तत्काल मौके पर क्यों नहीं पहुंच सकीं। यह आपातकालीन तंत्र की तैयारी और तत्परता पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

सांसद ने कहा कि जल परिवहन सेवाओं में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य होता है, लेकिन इस हादसे में लाइफ जैकेट, आपातकालीन इंतजाम और अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन न किया जाना बेहद चिंताजनक है। यह सीधे तौर पर प्रशासनिक और प्रबंधन स्तर की गंभीर चूक को उजागर करता है।

उन्होंने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि क्रूज संचालन की अनुमति किन अधिकारियों या संस्थाओं ने दी और किन परिस्थितियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जा सके।

इसके अलावा सांसद ने राज्य में संचालित सभी क्रूज सेवाओं और जल परिवहन व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा की मांग की है।

SP_Singh AURGURU Editor