मोदी सरकार की 12 साल की उपलब्धियों को लेकर व्यापारियों, चिकित्सकों और उद्यमियों के बीच पहुंचे सांसद राजकुमार चाहर, विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया
-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी (आगरा)। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी के सांसद राजकुमार चाहर ने नगर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, उद्यमियों, चिकित्सकों और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोगों से मुलाकात कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से चर्चा की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सांसद राजकुमार चाहर ने नगर के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, चिकित्सा संस्थानों और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिकाएं वितरित करते हुए लोगों को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी।
सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आर्थिक सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण, महिलाओं के उत्थान और युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है, जिससे गांव, गरीब, किसान और जरूरतमंद वर्ग का जीवन स्तर बेहतर हुआ है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक का संकल्प है। जनसहभागिता के बिना विकसित भारत का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। इसी उद्देश्य से भाजपा का जनसंपर्क अभियान समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को साझा कर रहा है।
इस अवसर पर प्रमोद सिंघल, डॉ. राजकुमार मंगल (चिकित्सक), गोविंद अग्रवाल (व्यापारी), डॉ. उमेश चंद मिश्रा (चिकित्सक), डॉ. संजय सिंघल (चिकित्सक), डॉ. संजय गोयल (चिकित्सक), मनोज सिंघल (व्यापारी), भोलू पेटीज वाले, अनिल कुमार वर्मा, ब्रजेश कुमार गोयल (सराफा व्यापारी) सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, व्यापारी, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।