सांसद राजकुमार चाहर की अनूठी पहल: विकास कार्यों के शुभारंभ में कार्यकर्ताओं को बनाया भागीदार

सांसद राजकुमार चाहर ने ₹5 करोड़ की लागत वाली 8 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं समाजसेवी रतिराम पंडित को मुख्य अतिथि बनाकर कार्यकर्ताओं को सम्मान देने की अनूठी पहल की। मंडल अध्यक्षों और पार्टी पदाधिकारियों को भूमि पूजन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। परियोजनाओं में उत्सव भवन, सड़क, इंटरलॉकिंग मार्ग और नाली निर्माण शामिल हैं। पहल को संगठन और सरकार के समन्वय के नए मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।

Jun 22, 2026 - 19:17
 0
सांसद राजकुमार चाहर की अनूठी पहल: विकास कार्यों के शुभारंभ में कार्यकर्ताओं को बनाया भागीदार
विकास योजनाएं के भूमि पूजन के लिए मण्डल अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं को नारियल सौंपते सांसद राजकुमार चाहर व जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनियां।

₹5 करोड़ की 8 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को सौंपा भूमि पूजन का दायित्व, संगठन और सरकार के बीच समन्वय का नया मॉडल पेश

आगरा। फतेहपुर सीकरी से सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने सोमवार को अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के शुभारंभ के साथ संगठन और सरकार के समन्वय का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की त्वरित विकास योजना के अंतर्गत लगभग 5 करोड़ रुपये लागत की 8 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए सांसद चाहर ने ऐसी पहल की, जिसने भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विशेष उत्साह और सम्मान का भाव पैदा कर दिया।

पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, प्रतापपुरा में आयोजित कार्यक्रम में सांसद राजकुमार चाहर ने केवल विकास योजनाओं की घोषणा तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं का भागीदार बनाकर संगठनात्मक सशक्तिकरण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी एवं लंबे समय से संगठन से जुड़े कार्यकर्ता रतिराम पंडित को मुख्य अतिथि का सम्मान दिया गया। इससे यह संदेश गया कि भाजपा में केवल पद ही नहीं, बल्कि समर्पण और वर्षों की निष्ठा को भी सम्मान मिलता है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता केदार सिंह चाहर ने की। सांसद चाहर ने संबंधित क्षेत्रों के मंडल अध्यक्षों, पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को नारियल भेंट करते हुए कहा  कि जिन स्थानों पर विकास कार्य प्रस्तावित हैं, वहां स्थानीय स्तर पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में भूमि पूजन किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल सरकारी योजनाएं नहीं हैं, बल्कि जनता और संगठन की साझी भागीदारी से आगे बढ़ने वाला अभियान हैं।

शुभारंभ की गई परियोजनाओं में उत्सव भवन निर्माण, सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग सड़क तथा नाली निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा तथा स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार नई परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं, ताकि क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतार रही है। प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों की गति लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम का संचालन हीरा सिंह ने किया। 

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला महामंत्री सत्यदेव दुबे, सत्यप्रकाश लोधी, शिवकुमार प्रमुख, सहदेव शर्मा, उमाशंकर माहौर, संतोष सिकरवार, कप्तान सिंह, सोनू दिवाकर, उत्तम काका, गुड्डू चाहर, उपेन्द्र सिंह, शैलू जादौन, नितिन वर्मा, कृष्णपाल सिंह, राकेश लोधी, रंजीत प्रधान, सोनू शर्मा, लाल सिंह लोधी, देवेंद्र रावत, अनिल चाहर, शूरवीर चाहर, सतेन्द्र यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सांसद चाहर की यह पहल केवल विकास परियोजनाओं के शुभारंभ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देकर उन्हें सीधे विकास प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और सरकार की योजनाओं को गांव स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद मिलेगी।