शमसाबाद में भरोसे का कत्ल, प्रेम संबंध के बाद युवती की अश्लील फोटो वायरल कर ब्लैकमेल का आरोप
शमसाबाद क्षेत्र में एक युवक पर प्रेम संबंध के बाद युवती की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। युवती के मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर फोटो वायरल कर दीं। पीड़िता की बहन की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से कार्रवाई की जा रही है।
आगरा। आगरा जनपद के शमसाबाद क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध टूटने के बाद युवक पर युवती की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगा है। पीड़िता की बहन ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, युवती का आरोपी युवक से कुछ समय से प्रेम संबंध था। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने निजी पलों की तस्वीरें अपने पास सुरक्षित कर लीं। जब युवती ने उससे दूरी बनानी शुरू की और संबंध आगे बढ़ाने से इनकार किया, तो युवक ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती पर दोबारा संबंध बनाने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसने कथित तौर पर युवती की आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दीं। इसके बाद युवती और उसके परिवार को मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़िता की बहन ने मामले की लिखित शिकायत थाने में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट्स और मोबाइल डाटा की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर आईटी एक्ट और संबंधित धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और साइबर सेल की मदद से आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।