कंगना रनौत मामले में कोर्ट में फिर दाखिल हुए नए प्रपत्र, वादी पक्ष ने कहा- हर तारीख पर नए दस्तावेज दाखिल कर मुकदमा लंबा खींचा जा रहा, कोर्ट ने फाइनल बहस के लिए तय की 6 जून

आगरा। भाजपा सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत से जुड़े चर्चित न्यायिक मामले में बुधवार को अदालत में एक बार फिर तीखी बहस और कानूनी तकरार देखने को मिली। कंगना रनौत की ओर से उनकी अधिवक्ता सुधा प्रधान ने न्यायालय में कुछ नए प्रपत्र और दस्तावेज प्रस्तुत किए, जिनकी प्रतियां वादी पक्ष को भी उपलब्ध कराई गईं। इस पर वादी पक्ष ने कड़ा एतराज जताते हुए आरोप लगाया कि हर सुनवाई पर नए दस्तावेज दाखिल कर मामले को जानबूझकर लंबा खींचने की कोशिश की जा रही है।

May 20, 2026 - 16:41
 0
कंगना रनौत मामले में कोर्ट में फिर दाखिल हुए नए प्रपत्र, वादी पक्ष ने कहा- हर तारीख पर नए दस्तावेज दाखिल कर मुकदमा लंबा खींचा जा रहा, कोर्ट ने फाइनल बहस के लिए तय की 6 जून
IMAGE- Pinterest

सुनवाई के दौरान वादी वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने अदालत में कहा कि अब इस मामले को अनावश्यक रूप से अधिक समय तक लंबित न रखा जाए और न्यायालय शीघ्र अपना निर्णय पारित करे। उन्होंने दलील दी कि प्रत्येक तारीख पर नए प्रपत्र दाखिल किए जाने से सुनवाई प्रभावित हो रही है और मामले का निस्तारण लगातार टलता जा रहा है।

कंगना रनौत की ओर से अधिवक्ता सुधा प्रधान ने न्यायालय में प्रस्तुत किए गए प्रपत्रों को रिकॉर्ड का हिस्सा बनाए जाने का अनुरोध किया। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मामले में अंतिम बहस के लिए 6 जून 2026 की तारीख निर्धारित कर दी।

सुनवाई के दौरान वादी पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सुखबीर सिंह चौहान, राजवीर सिंह, प्रीति कुमारी, बी.एस. फौजदार सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor