ताज डॉक्टर्स एसोसिएशन की नई टीम ने ली शपथ, चिकित्सकों पर बढ़ती हिंसा के खिलाफ उठी आवाज

आगरा। चिकित्सकों की सुरक्षा, सम्मान और संगठनात्मक मजबूती के संकल्प के साथ ताज डॉक्टर्स एसोसिएशन (टीडीए) की नई कार्यकारिणी ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। फतेहाबाद रोड स्थित होटल गोल्डन ट्यूलिप में आयोजित भव्य अधिष्ठापन समारोह में चिकित्सा जगत से जुड़े वरिष्ठ चिकित्सकों ने एकजुटता का संदेश देते हुए डॉक्टरों के खिलाफ बढ़ती हिंसा पर गंभीर चिंता जताई।

May 15, 2026 - 22:37
 0
ताज डॉक्टर्स एसोसिएशन की नई टीम ने ली शपथ, चिकित्सकों पर बढ़ती हिंसा के खिलाफ उठी आवाज
ताज डॊक्टर्स एसोसिएशन की नई टीम, जिसने शुक्रवार को शपथ ग्रहण कर कार्यभार संभाल लिया।

समारोह का शुभारंभ डॉ. हरेंद्र गुप्ता, डॉ. रश्मि मिश्रा, राजीव उपाध्याय एवं डॉ. आरती गुप्ता शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

डॉ. नरेंद्र गुप्ता बने अध्यक्ष, डॉ. पंकज को सचिव की जिम्मेदारी

समारोह में नवीन सत्र 2026-27 की कार्यकारिणी को औपचारिक रूप से शपथ दिलाई गई। डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने अध्यक्ष पद की शपथ ली, जबकि डॉ. पंकज गुप्ता को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा डॉ. समीर शर्मा को कोषाध्यक्ष, डॉ. सविता त्यागी एवं डॉ. दिलीप सोनी को उपाध्यक्ष बनाया गया। संयुक्त सचिव पद पर डॉ. अमिता सिंह एवं डॉ. प्रखर मोहनिया ने शपथ ली। वहीं सांस्कृतिक प्रभारी के रूप में डॉ. भावना सिंह और डॉ. रूचि अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। नई टीम को संरक्षक डॉ. हरेंद्र मोहनिया ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

संगठन की मजबूती ही डॉक्टरों की सबसे बड़ी ताकत

मुख्य अतिथि डॉ. हरेंद्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में चिकित्सकों के सामने कई चुनौतियां हैं और ऐसे दौर में संगठन की मजबूती ही डॉक्टरों की सबसे बड़ी शक्ति है।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा केवल पेशा नहीं बल्कि मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। डॉक्टर दिन-रात समाज की सेवा करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

डॉक्टरों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि उनकी पूरी टीम चिकित्सकों की सुरक्षा, युवा डॉक्टरों के मार्गदर्शन, चिकित्सा नैतिकता और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी।

उन्होंने कहा कि संगठन समाज सेवा के कार्यों को और अधिक विस्तार देगा तथा युवा चिकित्सकों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।

डॉ. नरेंद्र गुप्ता ने विश्वास जताया कि सकारात्मक सोच, पारदर्शिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से टीडीए को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

चिकित्सकों पर बढ़ती हिंसा पर जताई चिंता

समारोह में वक्ताओं ने देशभर में चिकित्सकों के साथ बढ़ती हिंसक घटनाओं पर चिंता व्यक्त की।

उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा में लगे डॉक्टरों के खिलाफ हमले बेहद चिंताजनक हैं और इसके खिलाफ मजबूत कानून तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टरों की एकजुटता, सम्मान और सुरक्षा को लेकर सामूहिक संकल्प भी लिया गया।

संचालन और उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमिता सिंह एवं डॉ. भावना सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संजय बंसल, डॉ. माला यादव, डॉ. विजया सोनी, डॉ. गोपाल कृष्ण, डॉ. संजना महेश, मनोज शर्मा, एमएल दीक्षित, विजय खुराना, नवीन जनवेजा, प्रांजल गुप्ता एवं उन्नत कुलश्रेष्ठ सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और गणमान्यजन मौजूद रहे।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor