भागवत कथा के बीच खून से लाल हुई रात, मंदिर में दीपक जलाने गए युवक की गोलियों से भूनकर हत्या
आगरा के थाना जैतपुर क्षेत्र के गांव रूपपुरा में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। गांव में चल रही भागवत कथा के दौरान मंदिर में दीपक जलाने गए 42 वर्षीय प्रदीप की घात लगाकर बैठे हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में उन्हें इटावा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
आगरा। आगरा के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित गांव रूपपुरा में देर रात पुरानी रंजिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली। धार्मिक आयोजन के बीच हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे गांव को दहला दिया है। गोलियों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते खुशी और भक्ति का माहौल मातम में बदल गया। मृतक की पहचान 42 वर्षीय प्रदीप के रूप में हुई है, जो गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने गया था। गांव में तनाव के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार गांव रूपपुरा में इन दिनों श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा है। कथा स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। इसी दौरान प्रदीप कथा पंडाल से निकलकर पास स्थित मंदिर में दीपक जलाने गया था। बताया जा रहा है कि तभी पहले से घात लगाए बैठे विपक्षी ने उसे निशाना बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर ने प्रदीप पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। दो गोलियां लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
फायरिंग से मचा हड़कंप, अस्पताल पहुंचने से पहले टूटी सांसें
धार्मिक आयोजन के बीच अचानक हुई फायरिंग से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसे हालात बन गए। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुका था। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में प्रदीप को गंभीर हालत में उपचार के लिए इटावा के अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर से परिवार में कोहराम
प्रदीप की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया।
डीसीपी पूर्वी पहुंचे मौके पर, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में डीसीपी पूर्वी भी पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से बातचीत की। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को रोका जा सके।
हत्यारोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।