अब लॉलीपॉप नहीं, अधिकार चाहिए, ब्राह्मण समाज की बैठक में सरकारों पर तीखा हमला

आगरा के विजयनगर स्थित कलेवा रेस्टोरेंट में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज (रा.) की ओर से ‘प्रबुद्ध जागरण यात्रा’ को लेकर बैठक आयोजित की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने केंद्र और प्रदेश सरकारों पर ब्राह्मण समाज की उपेक्षा का आरोप लगाया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, शिक्षा और संगठन को मजबूत करने पर जोर देते हुए 2027 विधानसभा चुनाव में ब्राह्मणों की निर्णायक भूमिका का दावा किया।

Jul 22, 2026 - 22:14
 0
अब लॉलीपॉप नहीं, अधिकार चाहिए, ब्राह्मण समाज की बैठक में सरकारों पर तीखा हमला
अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज (रा.) की ओर से प्रस्तावित ‘प्रबुद्ध जागरण यात्रा’ को लेकर बैठक करते ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

आगरा। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज (रा.) की ओर से प्रस्तावित ‘प्रबुद्ध जागरण यात्रा’ को लेकर विजयनगर कॉलोनी स्थित कलेवा रेस्टोरेंट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों और ब्राह्मण समाज के प्रमुख लोगों ने सामाजिक, शैक्षिक और राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने समाज को संगठित करने और आने वाले समय में उसकी भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक के मुख्य वक्ता और अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज (रा.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित राजेंद्र नाथ त्रिपाठी ने अपने संबोधन में उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्राह्मण समाज के साथ लगातार अन्याय और उत्पीड़न हो रहा है। उनका कहना था कि समाज आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से उपेक्षा का शिकार है, लेकिन सरकारें इस दिशा में गंभीरता से काम नहीं कर रही हैं।

उन्होंने वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि विभिन्न राजनीतिक दल ब्राह्मण समाज को अपने पक्ष में करने के प्रयास में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 125 से अधिक विधानसभा सीटों पर ब्राह्मण मतदाता चुनावी परिणामों को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

पंडित त्रिपाठी ने कहा कि समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी समेत सभी राजनीतिक दल ब्राह्मणों को केवल आश्वासन देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज देशभर के 136 संगठनों को एक मंच पर लाने का प्रयास कर रहा है और समाज के पूर्ण रूप से संगठित होने के बाद ही राजनीतिक हिस्सेदारी, सुरक्षा, संरक्षण और अधिकारों को लेकर सरकारों से बातचीत की जाएगी।

जिलाध्यक्ष अनुज उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक ब्राह्मण समाज संगठित नहीं होगा, तब तक उसकी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और इसी के माध्यम से छोटे से छोटे और बड़े से बड़े कार्य आसानी से पूरे किए जा सकते हैं।

प्रदेश संरक्षक डॉ. दीपेश उपाध्याय ने कहा कि समाज के बीच जाकर शिक्षा, स्वास्थ्य और संगठन के क्षेत्र में ठोस काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि समाज को मजबूत बनाना है तो युवाओं और नई पीढ़ी को शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज विभिन्न प्रकार की चुनौतियों और उत्पीड़न का सामना कर रहा है, जिससे निपटने के लिए संगठन को और अधिक सशक्त बनाना जरूरी है।

बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने ‘प्रबुद्ध जागरण यात्रा’ को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया। कार्यक्रम में संजय शर्मा, डॉ. दिवाकर तिवारी, वीरेंद्र दुबे, महेश शर्मा, राजीव शर्मा, चंद्रप्रकाश शर्मा, श्रीकांत पाराशर, लोकेश शर्मा, महेंद्र कटारा, विनोद शर्मा, नवनीत दीक्षित, बांके लाल शर्मा समेत बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजेंद्र शर्मा और अनुज उपाध्याय ने संयुक्त रूप से की, जबकि संचालन डॉ. दिवाकर तिवारी ने किया।