जयपुर हाउस के श्रीराम पार्क में 31 अक्टूबर को सजेगा संस्कार भारती का दीपावली आनंद मेला, शंखनाद प्रतियोगिता से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक
आगरा। संस्कार भारती, पश्चिम प्रताप, आगरा महानगर, ब्रज प्रांत का 26वां दीपावली आनंद मेला 31 अक्टूबर को जयपुर हाउस स्थित श्रीराम पार्क में आयोजित होगा। ‘स्वर्णिम भारत’ की थीम पर आधारित मेले में 100 से अधिक महिलाएं और बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। शंख बजाने की प्रतियोगिता, महाभारत पर आधारित सामान्य ज्ञान, थाल सज्जा और विविध वेश प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेले में स्वदेशी उत्पादों और महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
मेले के आयोजन की जानकारी प्रताप नगर स्थित संस्कार केंद्र में आयोजित आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने दी।
संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने कहा कि तीज-त्योहार और उत्सव भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सहज माध्यम हैं। संस्था का यह आयोजन इसी परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।
अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल सुपारी ने कहा कि संस्कार भारती की ओर से आयोजित 26वां दीपावली आनंद मेला भारतीय संस्कृति और संस्कारों के प्रसार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने बताया कि ‘स्वर्णिम भारत’ की थीम पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का संयोजन नीता गर्ग, मीना अग्रवाल और अनीता भार्गव कर रही हैं। इनमें 100 से अधिक क्षेत्रीय महिलाएं और बच्चे भाग लेंगे। प्रतिभागियों को कोरियोग्राफर के निर्देशन में 15 दिवसीय कार्यशाला के माध्यम से अभ्यास कराया जा रहा है।
मेला प्रभारी डॉ. श्याम तिवारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य ललित कला अकादमी की कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आभा गुप्ता द्वारा तैयार चित्र में रंग भरो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। अमित अग्रवाल के निर्देशन में महाभारत पर आधारित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी होगी। इसके अलावा थाल सज्जा और विविध वेश प्रतियोगिताओं सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
घर-घर में शंख बजाने की परंपरा को प्रोत्साहित करने के लिए शंख बजाने की प्रस्तुतियां भी होंगी। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वालों को आकर्षक सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक प्रतियोगिता के तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
सर्वव्यवस्था प्रमुख नीरज अग्रवाल ने बताया कि मेले में लघु एवं घरेलू उद्यमों के माध्यम से स्वावलंबन को बढ़ावा देने वाली महिलाओं की ओर से 45 दुकानें लगाई जाएंगी। इन दुकानों के जरिए स्वदेशी उत्पादों और महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा।
आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग, अध्यक्ष प्रेमचन्द अग्रवाल सुपारी, महानगर महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग, महानगर कोषाध्यक्ष राजीव सिंघल (फर्नीचर), अभिषेक गर्ग, महोत्सव प्रभारी डॉ. श्याम तिवारी, मेला संयोजक प्रदीप सिंघल, आशीष जैन, मेला सह-संयोजक नीता गर्ग, शुभांशू गर्ग, श्रीमती निर्मल अग्रवाल और नीलिमा उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।