आगरा के सूर्य नगर में इस्कॉन–राधा सखी ग्रुप के संयुक्त संयोजन में 17 मई से मूल श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव

आगरा। शहर के सूर्य नगर स्थित समाधि पार्क में 17 मई से 24 मई तक श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस्कॉन आगरा एवं राधा सखी ग्रुप के संयुक्त संयोजन में आयोजित इस आध्यात्मिक कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन श्री जगन्नाथ जी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ।

May 16, 2026 - 20:55
 0
आगरा के सूर्य नगर में इस्कॉन–राधा सखी ग्रुप के संयुक्त संयोजन में 17 मई से मूल श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव
रश्मि नगर, कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रीमद् भागवत कथा के आमंत्रण पत्र का विमोचन करतीं अशु मित्तल, अरविंद स्वरूप प्रभु। साथ हैं अन्य।

प्रभात फेरी से होगा शुभारंभ, हरिनाम संकीर्तन से गूंजेगा क्षेत्र

राधा सखी ग्रुप की संस्थापक अशु मित्तल ने बताया कि 17 मई को प्रातः 6 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से क्षेत्रवासियों को कथा महोत्सव का निमंत्रण दिया जाएगा। इसके बाद सायं 4 बजे हरिनाम संकीर्तन के साथ मूल श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा, जो 23 मई तक प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक चलेगा।

हर सत्र की शुरुआत और समापन हरिनाम संकीर्तन एवं नाम-जप के साथ किया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण रहेगा।

इस्कॉन की भक्ति मंडली करेगी संकीर्तन का नेतृत्व

मोनिका अग्रवाल ने जानकारी दी कि इस आयोजन में इस्कॉन मंदिर फरीदाबाद से विशेष भक्ति मंडली आगरा पहुंचेगी, जो पूरे कथा महोत्सव के दौरान संकीर्तन और भक्ति कार्यक्रमों में सहभागिता करेगी। आयोजन स्थल पर श्रीकृष्ण भक्ति, धर्म, जीवन मूल्यों और वैदिक संदेशों का विस्तृत वर्णन किया जाएगा। अरविंद स्वरूप प्रभु ने बताया कि इस बार कथा व्यास के रूप में वृंदावन से सार्वभौम प्रभु पधार रहे हैं।

24 मई को कथा महोत्सव का समापन हवन, यज्ञ और भंडारे के साथ भव्य रूप से किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

आमंत्रण पत्र विमोचन में उमड़ा श्रद्धा भाव

आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में रश्मि नगर, कमला नगर स्थित इस्कॉन मंदिर में राधा सखी ग्रुप की संस्थापक अशु मित्तल और इस्कॉन आगरा के अरविंद स्वरूप प्रभु की उपस्थिति में विमोचन किया गया। इस अवसर पर अदिति गौरांगी, शाश्वत नंदलाल दास, मोनिका अग्रवाल, शिखा सिंघल, नीलू सिंघल, ज्योति, रीता खन्ना सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor