योगी को पद्मश्री कृष्ण कन्हाई ने भेंट किया छह फीट का भव्य पोर्ट्रेट, वृंदावन आर्ट गैलरी आने का न्योता
वृंदावन। पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात चित्रकार कृष्ण कन्हाई ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें 4×6 फीट का भव्य पोर्ट्रेट और अपनी लगभग 250 पृष्ठों की कॉफी टेबल बुक भेंट की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को मथुरा-वृंदावन की आगामी यात्रा में नंदनवन स्थित कृष्ण कन्हाई आर्ट गैलरी आने का आमंत्रण भी दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
पोर्ट्रेट में उकेरे मुख्यमंत्री के सूक्ष्म भाव
कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोर्ट्रेट अपनी विशिष्ट कलात्मक शैली में तैयार किया है। इसमें मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व, ओजस्वी चेहरे और सूक्ष्म भावों को बारीकी से उकेरा गया है। चित्र की जीवंतता और कलात्मक प्रस्तुति ने मुख्यमंत्री को प्रभावित किया। पोर्ट्रेट देखकर उनके चेहरे पर प्रसन्नता और संतोष के भाव दिखाई दिए।
इस शिष्टाचार भेंट के दौरान कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री को अपनी आर्ट गैलरी की विशेषताओं से भी अवगत कराया। उन्होंने गैलरी में प्रदर्शित भारतीय संस्कृति, श्रीराधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं पर आधारित कलाकृतियों और देश की प्राचीन पारंपरिक स्वर्ण चित्रकला यानी गोल्ड पेंटिंग की समृद्ध विरासत से रूबरू होने के लिए आमंत्रित किया।
ब्रज की कला और संस्कृति को मिलेगा प्रोत्साहन
कृष्ण कन्हाई ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि मथुरा-वृंदावन की आगामी यात्रा के दौरान वह नंदनवन स्थित कृष्ण कन्हाई आर्ट गैलरी में पधारें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके आमंत्रण को स्वीकार कर लिया। इस मुलाकात को ब्रज की पारंपरिक चित्रकला, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर पद्मश्री कृष्ण कन्हाई के साथ उनके सुपुत्र और युवा चित्रकार अर्जुन कन्हाई भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री को भेंट किया गया विशाल पोर्ट्रेट और कॉफी टेबल बुक इस मुलाकात के प्रमुख आकर्षण रहे।