पीलीभीतः नींद में मौत का झटका: टेबल फैन में उतरे करंट ने ली पति-पत्नी की जान, सुबह कमरे में मिले दोनों के शव

पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में सोते समय टेबल फैन में उतरे करंट की चपेट में आने से अधेड़ दंपति की मौत हो गई। मंगलवार सुबह बेटा परचून की दुकान खोलने पहुंचा तो कमरे में पिता और मां को मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Jul 7, 2026 - 18:33
 0
पीलीभीतः नींद में मौत का झटका: टेबल फैन में उतरे करंट ने ली पति-पत्नी की जान, सुबह कमरे में मिले दोनों के शव
करंट लगने से मृत दंपति के फाइल फोटो।

-आरके सिंह-

पीलीभीत। पीलीभीत जिले के बिलसंडा थाना क्षेत्र के मीरपुर हेमूपुरा गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से अधेड़ दंपति की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सोते समय कमरे में चल रहे टेबल फैन में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बिलसंडा थाना पुलिस के अनुसार मीरपुर हेमूपुरा गांव निवासी हरिशंकर कुशवाहा (52 वर्ष) और उनकी पत्नी कमला देवी (50 वर्ष) गांव के तिराहे पर बने अपने मकान में अकेले रहते थे। सोमवार रात करीब 11 बजे हरिशंकर एक विवाह समारोह में दावत खाने के बाद घर लौटे और पत्नी के साथ कमरे में सो गए।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनका बेटा संत कुमार मकान के अगले हिस्से में स्थित परचून की दुकान खोलने पहुंचा। काफी देर तक माता-पिता के बाहर नहीं आने पर उसने कमरे में जाकर देखा तो दोनों जमीन पर पड़े थे। कमला देवी के चेहरे से टेबल फैन चिपका हुआ था। यह दृश्य देखकर वह घबरा गया और तुरंत अन्य परिजनों को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के दूसरे बेटे भाई लाल तथा अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए और तत्काल बिलसंडा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि रात के समय टेबल फैन में अचानक करंट उतर आया, जिससे पहले कमला देवी उसकी चपेट में आईं और उन्हें बचाने के प्रयास में हरिशंकर भी करंट की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

बिलसंडा थाना प्रभारी निरीक्षक जगदीप मलिक ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय लेखपाल ने बताया कि शासन की कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पात्रता के आधार पर मृतक दंपति के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा रही है।

गांव में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों के पालन की आवश्यकता पर भी जोर दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor