यमुना की लहरों से जिंदगी वापस लाई पुलिस, पुलिस और गोताखोरों की तत्परता से 30 मिनट में युवक का सफल रेस्क्यू

आगरा में थाना एत्माद्दौला क्षेत्र के जवाहर पुल के पास यमुना नदी में बह रहे 37 वर्षीय युवक लाखन सिंह को रामबाग चौकी पुलिस और गोताखोरों ने 30 मिनट के भीतर सकुशल रेस्क्यू कर लिया। युवक शराब के नशे में नारायच श्मशान घाट पर पैर फिसलने से नदी में गिर गया था। पुलिस ने उसे अस्पताल भेजकर परिजनों को सूचना दे दी।

Feb 24, 2026 - 02:06
 0
यमुना की लहरों से जिंदगी वापस लाई पुलिस, पुलिस और गोताखोरों की तत्परता से 30 मिनट में युवक का सफल रेस्क्यू
यमुना में गिरे युवक को बाहर निकालकर लाती पुलिस।

आगरा। सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की रामबाग चौकी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए यमुना नदी में बह रहे युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना जवाहर पुल के पास की है, जहां त्वरित सूचना और समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन से एक व्यक्ति की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार 23 फरवरी 2026 की रात लगभग 10:35 बजे गेल गैस कर्मचारी धर्मवीर यादव गैस लाइन की रूटीन चेकिंग के दौरान जवाहर पुल से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर यमुना में बहते एक व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी देवेंद्र दुबे और चौकी प्रभारी रामबाग अरुण बिलगैया को अवगत कराया गया। दोनों अधिकारी जीवन रक्षक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और गोताखोर सनी व सुरेंद्र से संपर्क कर रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।

करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेस्क्यू किए गए युवक ने अपना नाम लाखन सिंह (37) पुत्र स्वर्गीय भजनलाल, निवासी नगला नेहरा, थाना खंदौली बताया। युवक के मुताबिक वह नारायच श्मशान घाट पर आया था और शराब के नशे में उसका पैर फिसल गया, जिससे वह यमुना में गिरकर बहने लगा।

पुलिस ने बिना देरी किए युवक को प्राथमिक उपचार दिलवाया और जिला अस्पताल आगरा भिजवाया। साथ ही परिजनों को भी सूचना दे दी गई। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस और गोताखोरों की तत्परता की सराहना की है।