ताजनगरी में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: बाजिद अंडरपास से चार तमंचों के साथ दो बदमाश दबोचे, फतेहाबाद लूटकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल, अछनेरा में बुजुर्ग से लूट करने वाला युवक भी गिरफ्तार

आगरा। जनपद में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को अलग-अलग कार्रवाइयों में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीमों ने एक ओर बाजिद अंडरपास से अवैध हथियारों के साथ दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया, वहीं फतेहाबाद क्षेत्र में हुई लूट के मामले में तीन बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया गया। इसके अलावा अछनेरा में बुजुर्ग से रुपये लूटने वाले आरोपी को भी पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया। तीनों मामलों में पुलिस ने हथियार, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Mar 11, 2026 - 11:57
 0
ताजनगरी में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: बाजिद अंडरपास से चार तमंचों के साथ दो बदमाश दबोचे, फतेहाबाद लूटकांड का आरोपी मुठभेड़ में घायल, अछनेरा में बुजुर्ग से लूट करने वाला युवक भी गिरफ्तार
फतेहाबाद क्षेत्र में लूट के आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने वाली टीम।

फतेहाबाद लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में एक बदमाश घायल

फतेहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम पिन्नापुरा में 6 मार्च को हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना फतेहाबाद पुलिस, थाना डौकी पुलिस और सर्विलांस/एसओजी पूर्वी जोन की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर प्रतापपुरा मोड़ भरापुर अंडरपास के पास घेराबंदी की।

इस दौरान पुलिस को देखकर बदमाशों ने भागने की कोशिश की और आरोपी वेद प्रकाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वेद प्रकाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वेद प्रकाश पुत्र छोटेलाल, श्यामू पुत्र नेमीचंद्र और रविन्द्र पुत्र पप्पू निवासी महल बादशाही थाना बमरौली कटारा के रूप में हुई है। इनके कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, पिन्नापुरा लूट से संबंधित 4 लाख 500 रुपये तथा डौकी थाने के एक अन्य मुकदमे से जुड़े सफेद-पीले धातु के आभूषण बरामद किए गए हैं।

बाजिद अंडरपास पर चेकिंग में दो संदिग्ध गिरफ्तार, चार तमंचे बरामद

अपराध रोकथाम अभियान के तहत थाना डौकी पुलिस और सर्विलांस टीम बाजिद अंडरपास के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक संदिग्ध हालत में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली तो उनके पास से चार अवैध तमंचे बरामद हुए।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी अपनी बाइक के वैध कागजात भी नहीं दिखा सके। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों युवक मध्यप्रदेश के निवासी हैं और संदिग्ध परिस्थितियों में क्षेत्र में घूम रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी बाइक सीज कर दी है।

अछनेरा में बुजुर्ग से लूट का खुलासा, राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार

थाना अछनेरा क्षेत्र की सब्जी मंडी में 25 फरवरी को बुजुर्ग संतराम से रुपये छीनने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी संजय पुत्र बलवीर (26) निवासी ग्राम उदयरामसर थाना गंगाशहर जिला बीकानेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के समय संतराम सब्जी मंडी से घर लौट रहे थे, तभी आरोपी ने उन्हें धक्का देकर 9000 रुपये छीन लिए थे और फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार रात चौकी ब्यारा के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूट में प्रयुक्त पल्सर एनएस 160 मोटरसाइकिल और 4000 रुपये बरामद किए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor