आलू किसानों ने उद्यान निदेशक से उठाई राहत की मांग, कोल्ड स्टोरेज भाड़ा सीधे दिया जाए और कर्ज माफी करें

आगरा। आलू किसानों की समस्याओं को लेकर किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उद्यान निदेशक डॉ. बी.पी. राम को ज्ञापन सौंपकर कोल्ड स्टोरेज किराये के भुगतान, कर्ज माफी और आर्थिक सहायता की मांग की। किसानों ने कहा कि लगातार बढ़ती लागत और कम आय के कारण आलू उत्पादकों की आर्थिक स्थिति बेहद चिंताजनक हो गई है।

Jun 10, 2026 - 18:56
 0
आलू किसानों ने उद्यान निदेशक से उठाई राहत की मांग, कोल्ड स्टोरेज भाड़ा सीधे दिया जाए और कर्ज माफी करें
उद्यान निदेशक डॊ.बीपी राम को ज्ञापन देते किसान नेता श्याम सिंह चाहर और अन्य।

किसान नेता श्याम सिंह चाहर ने कहा कि उद्यान विभाग किसानों की वास्तविक स्थिति को समझते हुए एक प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजे, जिसमें आलू किसानों को कोल्ड स्टोरेज किराये के लिए प्रति कुंतल कम से कम 220 रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह सहायता उपलब्ध कराती है तो बड़ी संख्या में किसानों को राहत मिलेगी, अन्यथा किसानों की स्थिति और अधिक नाजुक होती जाएगी।

किसान प्रतिनिधि चंद पाल सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार से मांग की कि आलू किसानों के एक लाख रुपये तक के ऋण माफ किए जाएं। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर और संकटग्रस्त किसानों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता निशुल्क प्रदान की जाए।

किसानों ने कहा कि आलू उत्पादकों को लगातार नुकसान का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें तत्काल राहत की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान श्याम सिंह चाहर, चंद पाल सिंह, अब्देश कुमार, भरत सिंह सहित अन्य किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor