आधी रात में ठप हुई बिजली, पीली पोखर 400 केवी सब स्टेशन में फॉल्ट से आगरा अंधेरे में
आगरा में आधी रात पीली पोखर 400 केवी बड़े सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। उमस और गर्मी के बीच लोग रातभर परेशान रहे। टोरेंट पावर के कंट्रोल रूम में शिकायतों की बाढ़ आ गई और फोन लगातार व्यस्त रहे। ट्रांसमिशन विभाग और टोरेंट पावर की टीमें फॉल्ट दूर करने में जुटी रहीं। अधिकारियों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का भरोसा दिलाया है।
आगरा। आगरा में रविवार देर रात उस समय लोगों की परेशानी बढ़ गई जब पीली पोखर स्थित 400 केवी बड़े सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति अचानक बाधित हो गई। इसके चलते शहर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई और उमस भरी गर्मी के बीच हजारों उपभोक्ताओं को रातभर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बिजली जाते ही घरों में लगे पंखे, कूलर और एसी बंद हो गए। उमस और गर्मी से परेशान लोग घरों से बाहर निकलकर गलियों और सड़कों पर टहलते नजर आए। कई स्थानों पर लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे, जबकि बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
टोरेंट पावर के कंट्रोल रूम में शिकायतों की बाढ़
बिजली बाधित होते ही उपभोक्ताओं ने बड़ी संख्या में टोरेंट पावर के हेल्पलाइन नंबरों पर फोन करना शुरू कर दिया। लगातार कॉल आने के कारण कई लाइनों पर फोन व्यस्त हो गए। उपभोक्ता बिजली बहाल होने की जानकारी लेने के लिए बार-बार संपर्क करते रहे।
फॉल्ट दूर करने में जुटीं टीमें
बिजली आपूर्ति बाधित होने की सूचना मिलते ही टोरेंट पावर की तकनीकी टीमें सक्रिय हो गईं। कंपनी के इंजीनियर ट्रांसमिशन विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहे और फॉल्ट का पता लगाकर उसे जल्द से जल्द ठीक करने के प्रयास शुरू कर दिए गए। तकनीकी विशेषज्ञों ने प्रभावित लाइन और उपकरणों की जांच शुरू की, ताकि बिजली आपूर्ति सामान्य की जा सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
अधिकारियों ने किया जल्द बहाली का दावा
टोरेंट पावर के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि ट्रांसमिशन स्तर पर आए फॉल्ट को दूर करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीमें पूरी मुस्तैदी से लगी हुई हैं और बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य और सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि समस्या का समाधान होते ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। रात दो बजे बिजली सुचारु होना शुरू हो गई थी।