आगरा के छीपीटोला जैन मंदिर में 5-6 जुलाई को उपाध्याय पदारोहण दिवस और जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की तैयारी

आगरा। जैन समाज के लिए आगरा में 5 और 6 जुलाई को एक ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, छीपीटोला (रकाबगंज थाने के सामने) में समाधिस्थ आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्यश्री अभिनंदन सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा वैज्ञानिक संत आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में उपाध्याय पदारोहण दिवस एवं भव्य जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

Jul 4, 2026 - 18:42
 0
आगरा के छीपीटोला जैन मंदिर में 5-6 जुलाई को उपाध्याय पदारोहण दिवस और जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की तैयारी
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, छीपीटोला में होने जा रहे धार्मिक कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते आयोजक। चित्र में जैन मुनिगण भी हैं।

दो दिवसीय इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, शोभायात्रा, दीक्षा संस्कार और उपाध्याय पद के संस्कारों सहित अनेक मांगलिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं और विभिन्न शहरों से हजारों श्रद्धालुओं के आगरा पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

महोत्सव की जानकारी देने के लिए शुक्रवार को श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आयोजन समिति ने महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की और कार्यक्रम की स्मारिका एवं पोस्टर का विमोचन किया।

पत्रकारों को संबोधित करते हुए आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज ने कहा कि यह आयोजन आगरा के लिए धार्मिक दृष्टि से ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव में कोटा के ब्रह्मचारी मोहनलाल भैय्या को जैनेश्वरी दीक्षा प्रदान की जाएगी, जबकि निर्यापक मुनि श्री शिवदत्तसागर जी महाराज को उपाध्याय पद के संस्कार संपन्न कराए जाएंगे।

श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन उप पंचायत समिति, छीपीटोला के अध्यक्ष मनोज जैन 'बल्लो' ने बताया कि 5 जुलाई को सुबह 7 बजे पाठशाला शिक्षक संगोष्ठी आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से गणधर वलय विधान प्रारंभ होगा। शाम 7 बजे ब्रह्मचारी मोहनलाल भैय्या की विनोली यात्रा एवं गोदभराई समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।

मंदिर समिति के मंत्री मुरारीलाल जैन एवं मुख्य संयोजक अनिल जैन कांटे वालों ने बताया कि 6 जुलाई को सुबह 7:30 बजे जैन भवन से भव्य शोभायात्रा निकलेगी, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए पार्श्वधाम पहुंचेगी। यहां ध्वजारोहण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, उपाध्याय पदारोहण, जैनेश्वरी दीक्षा संस्कार तथा अन्य मांगलिक धार्मिक विधियां संपन्न कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि आयोजन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल पंडाल बनाया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न नगरों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बसों के माध्यम से आगरा पहुंचने की संभावना है। चातुर्मास की मंगल कामना को लेकर विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज को श्रीफल अर्पित करेंगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान मनोज जैन बल्लो, अनिल जैन कांटे, मुरारीलाल जैन, अक्षय जैन, हेमंत जैन, प्रवीन जैन, नेताजी मोनू जैन, दीपक जैन, आयुष जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, राजेश जैन, बिट्टू जैन सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor