इश्क की सजा: प्रेमिका से मिलने के लिए फतेहाबाद क्षेत्र में पहुंचे बागपत के युवक को युवती के ससुरालीजनों ने पेड़ से बांधकर पीटा, अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा
फतेहाबाद (आगरा)। थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ससुराल पक्ष के लोगों ने पकड़कर पेड़ से बांध दिया और बेरहमी से पिटाई की। हैरानी की बात यह रही कि मौके पर पुलिस पहुंचने के बावजूद मारपीट का सिलसिला जारी रहा। गंभीर रूप से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अजय कुमार पुत्र मनोज कुमार निवासी गांव बदरका, थाना छपरौली, जिला बागपत को उसकी प्रेमिका, जिसकी थाना फतेहाबाद क्षेत्र में ससुराल है, ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया था। अजय अपने साथी सुखदेव पुत्र कामराज के साथ कार से रविवार को प्रेमिका के ससुराल पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही युवक वहां पहुंचा, ससुराल पक्ष के लोगों को इसकी भनक लग गई। आरोप है कि उन्होंने अजय को पकड़ लिया, उसे पेड़ से बांध दिया और लाठी-डंडों से जमकर पीटना शुरू कर दिया। घटना के दौरान युवक मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन हमलावरों ने कोई रहम नहीं दिखाया।
साथ आए सुखदेव ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी हमलावर नहीं रुके और युवक के साथ मारपीट जारी रखी। बाद में पुलिस ने किसी तरह अजय को उनके चंगुल से छुड़ाया और तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया। लाठी-डंडों से मारपीट के कारण युवक के शरीर पर जगह-जगह नीले निशान पड़ गये हैं।
घायल अजय कुमार ने बताया कि करीब चार साल पहले युवती से उसकी दोस्ती फेसबुक के माध्यम से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और इसी सिलसिले में उसे मिलने के लिए बुलाया गया था।
इस पूरे मामले पर फतेहाबाद थाने के वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Top of Form