आगरा कॊलेज मेट्रो स्टेशन का नाम हो ‘शहीद भगत सिंह स्टेशन’, पंजाबी सभा ने मुख्यमंत्री से की मांग
आगरा। पंजाबी सभा आगरा महानगर ने आगरा कॉलेज और सेंट जॉन्स डिग्री कॉलेज के बीच निर्माणाधीन मेट्रो स्टेशन का नाम शहीद भगत सिंह स्टेशन रखे जाने की मांग उठाई है। सभा का कहना है कि यह स्थान अमर शहीद सरदार भगत सिंह की कर्मभूमि से जुड़ा हुआ है। ऐसे में उनके सम्मान में मेट्रो स्टेशन का नामकरण किया जाना ऐतिहासिक और भावनात्मक दृष्टि से उचित होगा।
यह मांग पंजाबी सभा आगरा महानगर के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर (शौकी भाई) के निवास पर आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के माध्यम से उठाई गई। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नूरी दरवाजा स्थित वह स्थान, जहां शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह का ऐतिहासिक संबंध रहा है, उसके निकट बन रहे मेट्रो स्टेशन का नाम केवल शहीद भगत सिंह स्टेशन रखा जाना चाहिए। इससे देश की आजादी के महानायक को सच्ची श्रद्धांजलि मिलेगी और आने वाली पीढ़ियां उनके बलिदान से प्रेरणा प्राप्त करेंगी।
सभा अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर ने बताया कि इस प्रस्ताव को केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, जिलाधिकारी आगरा, मेट्रो परियोजना से जुड़े अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय लेकर इस मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया जाएगा।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष संजीव कपूर, महासचिव भारत भूषण गप्पी, कोषाध्यक्ष सुरेश भांबरी, विश्वनाथ जुनेजा, अशोक सैनी, जगदीश बत्ता, प्रदीप पुरी, मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, रोमित कपूर, मनोज नागपाल, संजय अरोरा, राहुल बागला, अमित कौरा, राहुल शर्मा, वरुण ग्रोवर, अमित मदान, अमित सूरी, सोनू कक्कड़, पंकज सचदेवा, संजय ढींगरा, स्वीटी कालरा, राधे मल्होत्रा, पंकज कपूर, दीपक वाधवा, मोहित बरेजा, मनीष डुमरा, महेंद्र चावला, अंकित मल्होत्रा, रोहित वडेरा, राहुल मलिक, गौरव अरोरा, रुचि कपूर, नीरू कालरा, भावना नागपाल, सपना भांबरी, मीनाक्षी कपूर, रूबी भांबरी, मुक्ता कत्याल, मनीषा खुल्लर, सुरभि दुआ, प्रिया लूथरा, एकता डुमरा, तृप्ति मदान, कनिका कपूर, चंदा तनेजा, प्रिया कपूर, मीनाक्षी दुआ तथा अनुराधा कालरा सहित अनेक सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।
सभा पदाधिकारियों ने कहा कि शहीद भगत सिंह केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और बलिदान के प्रतीक हैं। उनके नाम पर मेट्रो स्टेशन का नामकरण आगरा के लिए गौरव का विषय होगा।