प्रतीक की मौत पर उठे सवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, अखिलेश बोले- हम कानून के हिसाब से आगे बढेंगे
समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। प्रतीक यादव को उनके दोस्त हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रतीक के निधन पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ट्वीट कर दुख जताया। अखिलेश यादव सिविल हॉस्पिटल भी पहुंचे हैं। प्रतीक यादव के शव का पोस्टमार्टम पूरा हो गया है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।
लखनऊ। प्रतीक यादव की पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव लखनऊ पहुंच गई हैं। लखनऊ के केजीएमयू में प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट के बाद ही पुख्ता तौर पर उनके निधन की वजह पता चल पाएगी।
जो भी कानूनी रास्ता होगा, हम अपनाएंगे- अखिलेश यादव
छोटे भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद सिविल हॉस्पिटल पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा, 'मैं उन्हें बचपन से जानता हूं। बचपन से ही वह अपनी सेहत और तंदुरुस्ती को लेकर बहुत सचेत रहते थे। जीवन में आगे बढ़ने की इच्छा रखते थे। हम कानून के मुताबिक ही आगे बढ़ेंगे। जो भी कानूनी प्रावधान होंगे और परिवार के सदस्य जो भी कहेंगे, हम उसका पालन करेंगे। मैं उनसे लगभग दो महीने पहले मिला था। उस समय भी, मैंने उन्हें अपनी सेहत का ख्याल रखने और अपने बिजनेस पर फोकस करने की सलाह दी थी। कभी-कभी बिजनेस में होने वाले नुकसान के कारण लोग गहरे मानसिक कष्ट में डूब जाते हैं। अब वह हमारे साथ नहीं हैं। हमारे लिए जो भी कानूनी रास्ते उपलब्ध होंगे, हम उनकी मदद लेंगे।'
अपर्णा यादव के आवास पर पहुंचीं बबीता सिंह चौहान
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान लखनऊ में अपर्णा यादव के आवास पर पहुंचीं। प्रतीक यादव के निधन पर कहा, 'यह एक बहुत ही दुखद घटना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। भगवान परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।'
सवालों के घेरे में प्रतीक यादव की मौत
अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की मौत पर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। प्रतीक यादव फिटनेस फ्रीक थे और खुद का जिम चलाते थे। ऐसे में उनकी अचानक हुई इस मौत ने संशय खड़ा कर दिया है। प्रतीक यादव की मौत का मामला गरमाया हुआ है। अस्पताल से निकलने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग कारोबार में नुकसान से दुखी हो जाते हैं। अब अखिलेश यादव के इस बयान को प्रतीक यादव के निधन के कारणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। प्रतीक यादव की मौत के बाद पारिवारिक सदस्यों की ओर से कारणों को लेकर जिस प्रकार की बातें सामने आई है, उसमें ब्रेन हेमरेज या हार्ट अटैक को वजह बताया जा रहा था। वहीं, डॉक्टरों का कहना है कि मृत्यु की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो पाएगी। अखिलेश यादव ने कारोबार में नुकसान वाली बात करके प्रतीक यादव की मौत के मामले पर सस्पेंस खड़ा कर दिया है।