श्री मथुराधीश जी मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव: पालने में विराजीं राधारानी, पंचामृत से हुआ अभिषेक

आगरा। यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान शनिवार को राधाष्टमी का आध्यात्मिक आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। ब्रज की महारानी राधारानी विशेष श्रृंगार के साथ पालने में विराजीं, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पंचामृत से उनका विधि-विधानपूर्वक अभिषेक किया गया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति, कीर्तन और जयकारों का दिव्य वातावरण छाया रहा।

May 23, 2026 - 20:50
May 23, 2026 - 20:51
 0
श्री मथुराधीश जी मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव: पालने में विराजीं राधारानी, पंचामृत से हुआ अभिषेक
श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में शनिवार को पुरुषोत्तम मास के मौके पर आयोजित किये गये राधाष्टमी महोत्सव की एक झलक।

राधारानी का दिव्य श्रृंगार और अभिषेक

सुबह के समय राधारानी का पंचामृत से अभिषेक किया गया, जिसमें दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल का प्रयोग कर वैदिक विधि से पूजन सम्पन्न हुआ। इसके बाद उन्हें विशेष श्रृंगार कर पालने में विराजमान कराया गया।

भक्तों के अनुसार राधारानी के दर्शन और उन्हें झूला झुलाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर राधे-राधे के जयकारों से गूंज उठा।

इस अवसर पर राधारानी के प्रिय अरबी के विशेष व्यंजनों का भोग लगाया गया। मंदिर को मोगरे और बेले के पुष्पों से सजाकर पीताम्बरी आभा प्रदान की गई, जिससे पूरा वातावरण अत्यंत मनोहारी बन गया।

भक्ति और कीर्तन में झूमे श्रद्धालु

संध्या काल में मंदिर में बधाई गीतों का आयोजन हुआ। डोलक और मंजीरों की मधुर ध्वनि के साथ भक्तजन भक्ति भाव में झूमते नजर आए। इसके बाद पलना दर्शन, विशेष आरती और मनोरथ सेवा सम्पन्न की गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि राधारानी श्रीकृष्ण की अर्धांगिनी और पुष्टिमार्ग में स्वामिनीजी के रूप में पूजनीय हैं। महाप्रभु श्री वल्लभाचार्य द्वारा उन्हें विशेष रूप से “स्वामिनीजी” के रूप में संबोधित किया जाता है।

इस अवसर पर मंदिर में जुगल श्रोत्रिय, रतन वार्ष्णेय, संगीता, अतुल, अनुराधा, दीपेश, तान्या, कृष्णा, श्रीविक, प्रशांत भारद्वाज, राजेश शर्मा, तपस्या शर्मा, अपाला शर्मा, सूर्य श्रोत्रिय, पूजा सिंघल, अंकुर, रिंकी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor