मनौना धाम पर मिलेंगे रेलवे टिकट, रोजाना 5 हजार श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने खोला रास्ता

बरेली। आंवला तहसील स्थित मनौना धाम में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब रेलवे टिकट की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। रविवार को रेल वन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए यहां रेलवे हेल्प डेस्क लगाया गया, जहां श्रद्धालुओं को ऐप डाउनलोड कराने के साथ टिकट बुकिंग की जानकारी दी गई। रेलवे के मुताबिक मनौना धाम पर प्रतिदिन करीब पांच हजार श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में यहां रेलवे टिकट की सुविधा शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।

Sep 6, 2026 - 19:30
 0
मनौना धाम पर मिलेंगे रेलवे टिकट, रोजाना 5 हजार श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने खोला रास्ता
मनौना धाम में महंत ओमेंद्र चौहान से मुलाकात करते रेलवे के अधिकारी।

रेलवे हेल्प डेस्क काउंटर खोलने पर सहमति

रविवार को बरेली जंक्शन के वरिष्ठ वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान चिश्ती ने मनौना धाम के महंत महाराज औमेंद्र चौहान से मुलाकात की। इस दौरान धाम पर रेलवे हेल्प डेस्क काउंटर खोलने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। महंत औमेंद्र चौहान ने काउंटर खोलने पर सहमति जताते हुए रेलवे को सहयोग का आश्वासन दिया।

श्रद्धालुओं को रेल वन ऐप की जानकारी

रेलवे की ओर से मनौना धाम पर रेल वन ऐप के प्रचार के लिए फ्लेक्स और पोस्टर लगाए गए। इसका उद्देश्य धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को ऐप के माध्यम से रेलवे टिकट बुक करने और अन्य सुविधाओं की जानकारी देना है। रेलवे टीम ने श्रद्धालुओं को ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी समझाई।

150 श्रद्धालुओं ने डाउनलोड किया ऐप

मोहम्मद इमरान चिश्ती ने बताया कि रेलवे की टीम ने मनौना धाम में डाउनलोडिंग कैंपेन चलाया। अभियान के दौरान करीब 100 से 150 श्रद्धालुओं के मोबाइल में रेल वन ऐप डाउनलोड कराया गया, जबकि 40 से 50 रेलवे टिकट भी बनाए गए। उन्होंने बताया कि बरेली जंक्शन पर भी यात्रियों के लिए इस तरह का अभियान चलाया जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor