चुनाव आयोग के पक्ष में खड़े हुए रामगोपाल यादव, बोले- नाम अगर गलत लिखे हैं तो जिम्मेदारी वोटरों की भी
प्रो. रामगोपाल यादव ने वोटर लिस्ट विवाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने वोटर लिस्ट में गलत नाम लिखे जाने पर वोटरों के भी जिम्मेदार होने की बात कही है।
इटावा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर तैयारियों को तेज किया जा रहा है। इस क्रम में समाजवादी पार्टी लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव लगातार एसआईआर के मुद्दे पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमलावर रहे हैं। वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के मुद्दे पर चुनाव आयोग और सरकार को घेरते दिखे हैं। अब पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव और सांसद प्रो. रामगोपाल यादव चुनाव आयोग के समर्थन में बात करते दिखे हैं। वोटर लिस्ट में गलत नाम पर वोटरों की जिम्मेदारी होने की बात कही है।
समाजवादी पार्टी सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट में गड़बड़ियों और फर्जी प्रविष्टियों के बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, अगर नाम गलत लिखे गए हैं, तो मतदाताओं की भी यह जिम्मेदारी है कि वे उन्हें जांचें और सही समय पर आपत्ति जताएं। सारी जिम्मेदारी अधिकारियों पर डालना उचित नहीं है। सपा सांसद के इस बयान ने हलचल बढ़ा दी है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी की ओर से वोटर लिस्ट में गलत नाम का मामला लगातार उठाया जा रहा है। साथ ही, एक ही व्यक्ति के कई स्थानों पर नाम को लेकर भी चुनाव आयोग पर निशाना साधा गया है। इन मामलों में अब प्रो. यादव चुनाव आयोग और अधिकारियों का समर्थन करते दिख रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने स्नातक चुनाव के लिए सैफई ब्लॉक में मतदान किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे दोनों उम्मीदवार जीतेंगे। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार जीतेंगे। उन्होंने दोनों सीटों पर भाजपा की हार का दावा किया।
चुनाव में विपक्षी नेताओं को परेशान किए जाने के आरोप पर रामगोपाल ने कहा कि कल पुलिस औरैया में एक-दो जगहों पर गई थी। मैंने चुनाव आयोग और एसपी से बात की थी। इसके बाद वे सब वहां से हट गए। वहां से या किसी और जगह से ऐसी कोई खबर नहीं आई है। अभी तक यहां किसी भी तरह की गड़बड़ी की कोई सूचना नहीं मिली है।