आगरा में चालान का रिकॉर्ड, एक बाइक के 156 ई-चालान, अब आरसी रद्द करने की तैयारी

आगरा में लगातार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। एक पैशन प्रो बाइक ने पांच वर्षों में 156 बार ट्रैफिक नियम तोड़े, जिस पर करीब 1.50 लाख रुपये का ई-चालान बकाया है, जबकि बाइक की कीमत महज 38 हजार रुपये है। पुलिस ने ऐसे 654 वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Jul 4, 2026 - 17:34
 0
आगरा में चालान का रिकॉर्ड, एक बाइक के 156 ई-चालान, अब आरसी रद्द करने की तैयारी
इमेज फोटो

आगरा। शहर में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की सूची तैयार की गई है, जिसमें एक बाइक ने सभी को हैरान कर दिया है। पैशन प्रो (UP 80 BJ 6731) नामक बाइक का पिछले पांच वर्षों में 156 बार ऑनलाइन चालान काटा गया है। इस बाइक पर करीब 1.50 लाख रुपये का चालान बकाया है, जबकि इसकी अनुमानित कीमत करीब 38 हजार रुपये बताई जा रही है। यह मामला शहर में सबसे अधिक चालान वाले वाहनों में शामिल है।

पुलिस के अनुसार, शहर में लगे एएनपीआर (Automatic Number Plate Recognition) कैमरों ने रेड लाइट जंप, बिना हेलमेट, गलत दिशा में वाहन चलाने और अन्य ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को लगातार रिकॉर्ड किया। इसके आधार पर ई-चालान जारी किए गए, लेकिन कई वाहन मालिकों ने चालान का भुगतान नहीं किया। बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की अब ब्लैक लिस्ट तैयार कर ली गई है। ऐसे 654 वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर उनके वाहन का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बकाया चालान जमा नहीं किए गए तो संबंधित वाहनों को जब्त किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर वाहन मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

आगरा में सर्वाधिक चालान वाले वाहन

UP 80 BJ 6731 (पैशन प्रो) — 156 चालान
UP 80 EV 3584 (एक्सएल-100) — 99 चालान
UP 80 CX 4012 (स्प्लेंडर प्रो) — 90 चालान
UP 80 EC 2596 (एक्टिवा) — 76 चालान
UP 80 CT 8714 (थ्री-व्हीलर) — 71 चालान
UP 80 EP 7492 (एक्टिवा 5G) — 60 चालान
UP 80 ES 9215 (एक्टिवा 5G) — 56 चालान

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और नियमों का पालन कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी।