आजाद भारत में पहली बार बंगाल-तमिलनाडु में रिकॉर्ड वोटिंग, बंगाल में 91 फीसद मतदान, तमिलनाडु में 84 प्रतिशत
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल (फेज-I) में आजादी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा वोटिंग पार्टिसिपेशन रिकॉर्ड किया गया।
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में हुए मतदान पर चीफ इलेक्शन कमिश्नर ज्ञानेश कुमार ने कहा कि आजादी के बाद वोटिंग का ये सबसे ऊंचा ग्राफ है। उन्होंने कहा, 'आजादी के बाद से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में अब तक का सबसे ज्यादा पोलिंग परसेंटेज. चुनाव आयोग पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु के हर वोटर को सलाम करता है।'
तमिलनाडु में 84.69% और पश्चिम बंगाल (फेज-I) में 91.78% वोटिंग के साथ, आजादी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा वोटिंग पार्टिसिपेशन रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले, तमिलनाडु में सबसे ज्यादा वोटिंग पार्टिसिपेशन 78.29% (2011) और पश्चिम बंगाल में 84.72% (2011) था। पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु दोनों में, वोटिंग में महिलाओं की हिस्सेदारी पुरुषों से ज्यादा है।
पश्चिम बंगाल के सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा, 'वोटिंग का पहला चरण आज पूरा हो गया। इसमें 152 विधानसभा सीटें और 45,000 बूथ थे। कुछ जगहों पर अभी भी वोटिंग चल रही है तो कुछ जगहों पर कागजी कार्रवाई हो रही है और ईवीएम को सील किया जा रहा है। इन्हें स्ट्रॉन्ग रूम में भेजा जाएगा.। उन्होंने कहा, 'लोगों ने बिना किसी डर के वोट डाला. मुझे रिपोर्ट मिली है कि वे व्यवस्थाओं से काफी खुश थे और घटनाएं भी कम हुईं। मैं निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनावों के लिए सभी राजनीतिक दलों और सभी संबंधित पक्षों को धन्यवाद देना चाहता हूं।'