रिश्तों में सेंध, आगरा में ‘मामा’ ही निकला चो र, स्पाई कैमरे में कैद हुई जेवर चोरी की करतूत

आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक महिला ने अपने रिश्ते के मामा पर घर से सोने के जेवर और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। महिला को शक होने पर घर में स्पाई कैमरे लगवाए गए, जिनमें आरोपी डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोलकर सामान तलाशता कैद हो गया। पूछताछ में आरोपी ने कई महीनों से चोरी करने की बात कबूल कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

May 12, 2026 - 15:00
 0
रिश्तों में सेंध, आगरा में ‘मामा’ ही निकला चो र, स्पाई कैमरे में कैद हुई जेवर चोरी की करतूत

आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस रिश्तेदार पर परिवार ने भरोसा कर घर की जिम्मेदारी सौंपी, वही धीरे-धीरे लाखों रुपये के सोने के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ करता रहा। महिला को शक हुआ तो उसने घर में स्पाई कैमरे लगवा दिए। इसके बाद जो तस्वीरें सामने आईं, उन्होंने पूरे परिवार को हैरान कर दिया।

कृष्णाकुंज कॉलोनी निवासी ममता गौतम ने थाना ट्रांस यमुना में दी गई तहरीर में बताया कि उनका रिश्ते का मामा मोनू गौतम परिवार का बेहद करीबी था। परिवार के लोग जब भी कहीं बाहर जाते, घर की चाबी उसी को सौंप देते थे ताकि घर की देखभाल हो सके। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर घर की डुप्लीकेट चाबी तैयार करवा ली।

आरोप है कि मोनू काफी समय से मौका मिलते ही घर में प्रवेश करता और सेफ अलमारी से धीरे-धीरे सोने के जेवरात व नकदी चोरी करता रहा। शुरुआत में परिवार को यह समझ नहीं आया कि आखिर सामान कहां गायब हो रहा है। लेकिन जब बार-बार जेवर और रुपये कम मिलने लगे तो महिला को किसी करीबी पर शक हुआ।

इसके बाद परिवार ने बिना किसी को बताए घर के अंदर स्पाई कैमरे लगवा दिए। 26 अप्रैल की रात कैमरे में जो रिकॉर्ड हुआ, उसने चोरी के पूरे राज से पर्दा उठा दिया। फुटेज में आरोपी मोनू गौतम घर में दाखिल होता दिखाई दिया। उसने डुप्लीकेट चाबी से अलमारी खोली और उसमें रखे जेवर व नकदी तलाशने लगा।

महिला के अनुसार, रिकॉर्डिंग देखने के बाद परिवार ने आरोपी को बुलाकर पूछताछ की। पहले तो वह बहाने बनाता रहा, लेकिन जब कैमरे की फुटेज दिखाई गई तो उसने कई महीनों से चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी द्वारा कितने जेवर और कितनी नकदी चोरी की गई, इसका परिवार अब हिसाब जुटा रहा है।

घटना के बाद परिवार में गहरा आक्रोश है। महिला ने आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांस यमुना में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्पाई कैमरे की फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बदलते समय में लोग अब अपने करीबी रिश्तेदारों पर भी आंख बंद कर भरोसा करने से डरने लगे हैं।