गाड़ी में छूटा सवारी का iPhone लौटाया, 500 रुपये का इनाम लेने से विनम्रतापूर्वक किया इनकार
आगरा। सवारी का गाड़ी में छूटा iPhone और सामान लौटाकर एसओएस (सोल्जर्स ऑफ सोसाइटी) के स्वयंसेवक नूर मोहम्मद ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। फोन लौटाने पर सवारी ने उन्हें 500 रुपये इनाम देने चाहे, लेकिन उन्होंने विनम्रता से इनकार कर दिया। उनके इस व्यवहार की संस्था के संस्थापक डॉ. नवीन गुप्ता ने सराहना करते हुए इसे नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
जानकारी के अनुसार, नूर मोहम्मद रात में सवारी को छोड़ने के बाद अपनी गाड़ी पास के बाड़े में खड़ी करके घर चले गए। करीब आधे घंटे बाद सवारी का फोन आया कि उनका आईफोन और कुछ सामान गाड़ी में छूट गया है। नूर मोहम्मद ने तुरंत गाड़ी में जाकर तलाश की तो फोन सीट के पीछे नीचे बने रैक में रखा मिला।
उन्होंने बिना देर किए रेलवे स्टेशन पहुंचकर फोन उसके मालिक को लौटा दिया। फोन मिलने पर सवारी ने उन्हें 500 रुपये इनाम के रूप में देने चाहे, लेकिन नूर मोहम्मद ने इसे स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा, यह आपकी चीज है, हमारी नहीं।
सोल्जर्स ऑफ सोसाइटी (एसओएस) के संस्थापक डॉ. नवीन गुप्ता ने कहा कि नूर मोहम्मद का यह व्यवहार ईमानदारी, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि एसओएस ऐसे ईमानदार नागरिकों को सम्मानित करने और समाज में नैतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।