पीलीभीत में 24 घंटे में सड़क हादसों का कहर, चार युवकों की मौत, तीन घायल, गोवंश भी दुर्घटना का शिकार
-आरके सिंह- पीलीभीत। पीलीभीत जिले में सोमवार और मंगलवार के बीच हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई गई है। एक हादसे में बाइक की टक्कर से एक गोवंश की भी मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहनों की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
दावत में जा रहे दो चचेरे-तहेरे भाइयों की मौत
पीलीभीत नगर कोतवाल प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम गुटैया पिपरा निवासी शिवकुमार (20) पुत्र लालाराम और शिवम कुमार (21) पुत्र होरीलाल सोमवार रात करीब नौ बजे बाइक से न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया अगरु में एक रिश्तेदार के यहां दावत में शामिल होने जा रहे थे।
नगर कोतवाली क्षेत्र में ज्ञान इंटरनेशनल स्कूल के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात बाइक से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर सवार दो लोग भी घायल हुए।
सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवकुमार और शिवम कुमार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
गोवंश से टकराई बाइक, युवक की मौत
नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह के अनुसार सोमवार देर रात चंदोई-मंझोला मार्ग पर अचानक सड़क पर आए गोवंश से बाइक टकरा गई। हादसे में सरताज (19) पुत्र शान्नू उर्फ सूफी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी फरमान पुत्र अनवार, निवासी नौगवां पकड़िया, गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार सरताज मूल रूप से इस्लाम नगर गौटिया (उत्तराखंड) का निवासी था और वर्तमान में इज्जतनगर, बरेली में रह रहा था। वह सोमवार सुबह पीलीभीत के चंदोई स्थित अपने मौसा जियाउद्दीन के घर आया था। देर शाम वह फरमान के साथ बाइक से निकला था। रात करीब 11 बजे अचानक गोवंश बाइक के सामने आ गया, जिससे सीधी टक्कर हो गई। हादसे में गोवंश की भी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सगाई के अगले दिन सड़क हादसे में गई जान
बरखेड़ा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के ग्राम पतरसिया निवासी चंदन रस्तोगी (27) की रविवार को सितारगंज (उत्तराखंड) में सगाई हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों का आना-जाना लगा था।
सोमवार रात करीब नौ बजे चंदन घर से टहलने की बात कहकर निकला था। पतरसिया बरातघर के सामने पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और चालक वाहन सहित फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल चंदन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार वाहनों की पहचान कर संबंधित चालकों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।