रॉयल एनफील्ड की हिमालयन के 10 साल पूरे, आगरा एनफील्डर्स पर नई हिमालयन 440 ने मारी दमदार एंट्री
आगरा। देश की प्रमुख टू-व्हीलर निर्माता कंपनी रॉयल एनफील्ड ने अपनी बहुचर्चित एडवेंचर-टूरर बाइक ‘हिमालयन’ के सफल 10 वर्ष पूरे होने के मौके पर नई हिमालयन 440 को आधिकारिक तौर पर पेश किया है। पिछले एक दशक में हिमालय के दुर्गम और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर अपनी मजबूती और भरोसेमंद प्रदर्शन साबित कर चुकी हिमालयन अब अधिक दमदार इंजन और आधुनिक तकनीक के साथ नए सफर के लिए तैयार है।
लंबी दूरी और मुश्किल रास्तों के लिए तैयार
नई हिमालयन 440 को खास तौर पर ऐसे राइडर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो लंबी दूरी की यात्राओं के साथ ऊबड़-खाबड़ और कठिन रास्तों पर भी बेहतर संतुलन, नियंत्रण और आराम चाहते हैं। कंपनी के मुताबिक, नए मॉडल में ‘नया दिल और वही अदम्य हौसला’ बरकरार रखा गया है। इसका उद्देश्य हिमालयन की एडवेंचर बाइक वाली पहचान को कायम रखते हुए इसे अलग-अलग तरह के इलाकों में और सक्षम बनाना है।
440 सीसी इंजन देगा ज्यादा ताकत
नई हिमालयन 440 में अपग्रेडेड 440 सीसी इंजन दिया गया है। इसे लंबी यात्राओं और कठिन चढ़ाइयों के दौरान बेहतर टॉर्क तथा सुगम पावर डिलीवरी के लिए तैयार किया गया है। इंजन का यह अपग्रेड बाइक को एडवेंचर और टूरिंग के लिहाज से अधिक सक्षम बनाने पर केंद्रित है।
मजबूत चेसिस और आधुनिक सस्पेंशन
बाइक में मजबूत चेसिस के साथ आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम दिया गया है। इससे ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर सफर के दौरान बेहतर आराम और सटीक हैंडलिंग मिलने की उम्मीद है। लंबी दूरी की राइडिंग और कठिन इलाकों में बाइक के संतुलन को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया गया है।
आधुनिक तकनीक से लैस
नई हिमालयन 440 में आधुनिक डिजिटल कंसोल, ड्यूल-चैनल एबीएस जैसी राइडिंग और सेफ्टी तकनीक दी गई है। इसके अलावा लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए सीटिंग पॉस्चर को भी आरामदायक बनाया गया है, ताकि लगातार कई घंटों की राइड में राइडर को सुविधा मिल सके।
क्लासिक पहचान के साथ नया डिजाइन
डिजाइन के स्तर पर नई हिमालयन 440 में रॉयल एनफील्ड की हिमालयन की क्लासिक एडवेंचर पहचान को बरकरार रखा गया है। इसके साथ आधुनिक एस्थेटिक्स को जोड़ा गया है, जिससे बाइक पारंपरिक एडवेंचर लुक और आधुनिक डिजाइन के बीच संतुलन बनाती है।
ग्राहकों और ऑटोमोबाइल प्रेमियों के लिए नई हिमालयन 440 की विशेष टेस्ट राइड की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही इच्छुक ग्राहक बाइक की बुकिंग भी करा सकेंगे।
नई हिमालयन 440 की पेशकश के मौके पर आगरा एनफील्डर्स से एमडी मनोज जादौन, करन जुनेजा, धीरज सोलंकी, सौरभ जैन और कमल छाबरिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।