अटलपुरम टाउनशिप में 462 भूखंडों की बिक्री शुरू, आज से ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ

आगरा विकास प्राधिकरण ने अटलपुरम टाउनशिप फेस-1, 2 और 3 में 462 आवासीय भूखंडों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने योजना का शुभारंभ किया। आवेदन 15 जून 2026 तक जनहित पोर्टल और ADA वेबसाइट के माध्यम से किए जा सकेंगे। योजना में EWS से सुपर HIG श्रेणी तक के प्लॉट उपलब्ध हैं।

May 14, 2026 - 18:39
 0
अटलपुरम टाउनशिप में 462 भूखंडों की बिक्री शुरू, आज से ऑनलाइन आवेदन प्रारंभ
अटलपुरम टाउनशिप में भूखंडों की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत करते मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप।

आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा विकसित की जा रही अटलपुरम टाउनशिप में आवासीय भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया एक बार फिर शुरू कर दी गई है। गुरुवार को मंडलायुक्त आगरा मंडल नगेन्द्र प्रताप ने अटलपुरम टाउनशिप फेस-1, फेस-2 और फेस-3 में उपलब्ध आवासीय भूखंडों के ऑनलाइन पंजीकरण अभियान का शुभारंभ किया।
प्राधिकरण के अनुसार, योजना के विभिन्न सेक्टरों में कुल 462 आवासीय भूखंड उपलब्ध हैं, जिनके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 मई 2026 से शुरू हो चुकी है। आवेदक 15 जून 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक लोग आवास एवं शहरी नियोजन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के जनहित पोर्टल जनहित पोर्टल तथा आगरा विकास प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। प्राधिकरण द्वारा जारी जानकारी के अनुसार योजना में सभी वर्गों के लिए भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से लेकर सुपर HIG श्रेणी तक के प्लॉट शामिल हैं।

उपलब्ध भूखंडों का विवरण

ईडब्ल्यूएस (40 वर्गमीटर तक) – 19 भूखंड

एलआईजी (41 से 50 वर्गमीटर तक) – 12 भूखंड

एमआईजी-1 (51 से 75 वर्गमीटर तक) – 16 भूखंड

एमआईजी -3 (101 से 150 वर्गमीटर तक) – 46 भूखंड

एचआईजी (151 से 300 वर्गमीटर तक) – 198 भूखंड

सुपर एचआईजी (300 वर्गमीटर से अधिक) – 171 भूखंड

एडीए अधिकारियों के अनुसार अटलपुरम टाउनशिप को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। योजना में सड़क, जलापूर्ति, विद्युत, पार्क, हरित क्षेत्र तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है।

ऑनलाइन आवेदन में किसी प्रकार की समस्या होने पर आवेदक हेल्पलाइन नंबर 0662-2510070 और 9084407890 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा प्राधिकरण कार्यालय स्थित जन सहायता केंद्र पर भी कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सहायता उपलब्ध रहेगी।