समाजवादी पार्टी ने स्मार्ट मीटर को बताया लूट का मीटर, चार मई से आगरा में जनआंदोलन का ऐलान
स्मार्ट मीटर और टोरेंट पावर के खिलाफ सपा ने मोर्चा खोलते हुए इसे आम जनता के शोषण का माध्यम बताया है। 3 मई तक मांगें पूरी न होने पर 4 मई से आगरा में बड़े आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
आगरा। स्मार्ट मीटर और निजी बिजली व्यवस्था के खिलाफ आगरा में सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि स्मार्ट मीटर और टोरेंट पावर की व्यवस्था आम जनता के लिए सुविधा नहीं, बल्कि शोषण का नया माध्यम बन चुकी है। उन्होंने सरकार को 3 मई तक का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि मांगें न मानी गईं तो 4 मई से आगरा में बड़ा जनआंदोलन शुरू होगा।
सुविधा नहीं, आर्थिक बोझ बन गई व्यवस्था
श्री अब्बास ने शुक्रवार को प्रेस से वार्ता करते हुए कहा कि प्रदेश भर में करोड़ों स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन इससे राहत के बजाय समस्याएं बढ़ी हैं। आगरा समेत कई जगहों से शिकायतें सामने आई हैं कि रिचार्ज के बावजूद समय पर बिजली चालू नहीं होती, बिना सूचना कनेक्शन काट दिया जाता है और बिलिंग सिस्टम पूरी तरह अपारदर्शी है।
सपा अध्य़क्ष ने कहा कि कम यूनिट खपत के बावजूद फिक्स चार्ज ज्यादा वसूला जा रहा है और गलत रीडिंग के कारण उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। बिजली कटने पर अलग से चार्ज वसूली गरीबों पर दोहरी मार है।
क्या बिजली भी अमीर-गरीब में बंटेगी?
शब्बीर अब्बास ने सवाल उठाया कि मजदूर, किसान और छोटे दुकानदार हर समय प्रीपेड बैलेंस बनाए रखने में सक्षम नहीं हैं, ऐसे में यह व्यवस्था सीधे तौर पर गरीब वर्ग को हाशिए पर धकेल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले अतिरिक्त वसूली के बाद पैसा लौटाना पड़ा, जो पूरी प्रणाली की खामी और लापरवाही को उजागर करता है।
सपा ने उठाई हैं ये प्रमुख मांगें
श्री अब्बास ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए। लगे हुए मीटर हटाने का विकल्प मिले। प्रीपेड व्यवस्था खत्म की जाए। कनेक्शन कम से कम तीन माह बाद ही काटा जाए और गलत रीडिंग व बिलिंग गड़बड़ियों का तुरंत समाधान किया जाए। फिक्स चार्ज को पारदर्शी और न्यायसंगत बनाया जाए। पूरी बिजली व्यवस्था में पारदर्शिता लागू की जाए।
4 मई से आंदोलन का ऐलान
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष ने कहा कि यदि सरकार और टोरेंट पावर ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो 4 मई को आगरा से व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें रैली, पैदल मार्च, धरना, घेराव और जरूरत पड़ने पर अनशन जैसे सभी लोकतांत्रिक तरीके अपनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सपा का नारा है- स्मार्ट मीटर हटाना है, जनता को लूट से बचाना है।
इस मौके पर समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।