मेहंदी की महक, भजनों की गूंज: आगरा में मां पीतांबरा के प्राकट्य दिवस पर उमड़ा आस्था का सैलाब
आगरा। मां पीतांबरा देवी प्राकट्य दिवस एवं पंचम वार्षिक उत्सव के तहत सीताराम मंदिर, वजीरपुरा में आयोजित मेहंदी समारोह और माता की भव्य चौकी ने श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का ऐसा संगम रचा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। मेहंदी की रचती रंगत और भजनों की सुरमयी छटा ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मेहंदी और मंगल गीतों से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक विधि-विधान के साथ हुई, जहां महिलाओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाते हुए मंगल गीत गाए। उत्सव की खुशियों के बीच सजी माता की चौकी में मां पीतांबरा की मनमोहक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। दीप प्रज्ज्वलन कर भक्तों ने श्रद्धा भाव से मां के चरणों में नमन किया।
भजनों ने बांधा समां, झूम उठे श्रद्धालु
माता की चौकी में “जय मां पीतांबरा, जय मां बगलामुखी”, “तेरी जय हो मां जगदंबे”, “मेरे घर आई एक नन्ही सी परी” जैसे भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन गायक मंडली के राजेंद्र, आशु बेदी, विमलेश यादव और सोनम यादव ने अपने सुमधुर स्वरों से देर रात तक माहौल को भक्तिमय बनाए रखा।
महंत ने बताई आराधना की महिमा
मंदिर के महंत पं. श्री अनंत उपाध्याय ने विधिवत मां की आरती उतारी और बताया कि मां पीतांबरा की आराधना जीवन से नकारात्मक शक्तियों को दूर कर साधक को शक्ति, साहस और सफलता प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि वैशाख शुक्ल अष्टमी को मां का प्राकट्य हुआ था और यह उत्सव उसी दिव्य ऊर्जा को आत्मसात करने का अवसर है।
आज होगा नवकुंडीय हवन और भव्य आयोजन
शुक्रवार को मुख्य आयोजन के तहत प्रातः अभिषेक, श्रृंगार, नवकुंडीय महायज्ञ, कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 11000 मंत्रों से सैकड़ों भक्त आहुति देंगे। श्री कृष्ण लीला समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने बताया कि बैंड-बाजे के साथ मां का विशेष श्रृंगार और संध्या आरती भी की जाएगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
भक्तों की रही भारी उपस्थिति
इस अवसर पर सरिता सिंह, सुषमा अग्रवाल, लता उपाध्याय, वंदना उपाध्याय, नीतू शर्मा, लता अग्रवाल, प्रियंका मिठास, शिवालिका अग्रवाल, निशि नेहरू, प्रीति अग्रवाल, शिप्रा दीप गुप्ता, सोनिया अग्रवाल, दीप्ति अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, डॉ. संजीव नेहरू, संजय चौहान, लक्ष्मण शर्मा, सचिन सारस्वत, मुकेश पंडित, पंकज शास्त्री, मनोज तिवारी, विक्रम सिंह, अरुण उपाध्याय, राजकुमार, कृष्णा मिठास, विनोद अग्रवाल, अरुण, सुरेंद्र शर्मा, आरपी तिवारी, राजपाल मिश्रा, सुनील पचौरी (उत्तराखंड), अमरनाथ शर्मा, हेमंत दुबे, आयुष उपाध्याय, संदीप अग्रवाल, हनी, मोहित सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।