मथुरा में 19 जून को हिंदी पत्रकारिता पर संगोष्ठी, पत्रकारों और अधिकारियों का होगा सम्मान
मथुरा। हिंदी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और भविष्य की दिशा पर मंथन के लिए 19 जून को मथुरा में एक पत्रकार गोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। ब्रज प्रेस क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस संगोष्ठी में उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य, रसद एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रास बिहारी, राज्य मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति के अध्यक्ष हेमंत तिवारी सहित देश के वरिष्ठ पत्रकार, जनप्रतिनिधि और मीडिया जगत की अनेक हस्तियां शामिल होंगी।
कार्यक्रम का आयोजन 19 जून को प्रातः 10 बजे से मथुरा शहर स्थित बृजवासी रॉयल होटल के सभागार में किया जाएगा। ब्रज प्रेस क्लब ने समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ब्रज प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं एनयूजेआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कमलकांत उपमन्यु (एडवोकेट) ने बताया कि संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य हिंदी पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, बदलते मीडिया परिदृश्य और पत्रकारों की भूमिका पर सार्थक चर्चा करना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में प्रदेशभर से प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया और यूट्यूब से जुड़े पत्रकार बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने सभी पत्रकारों और समाज चिंतकों से समय पर कार्यक्रम में पहुंचकर अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उनके अनुसार कार्यक्रम में समाज हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और पत्रकारों को सम्मानित भी किया जाएगा।