विश्व धरोहर क्षेत्र में सनसनी: फतेहपुर सीकरी के प्राचीन तालाब में मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

फतेहपुर सीकरी। विश्व धरोहर नगरी फतेहपुर सीकरी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब स्मारक परिसर के पीछे नगीना मस्जिद के समीप स्थित प्राचीन तालाब में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पानी में तैरता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Jul 21, 2026 - 14:47
 0
विश्व धरोहर क्षेत्र में सनसनी: फतेहपुर सीकरी के प्राचीन तालाब में मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
फतेहपुर सीकरी में स्मारक के पीछे तालाब में युवक का शव होने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस।

जानकारी के अनुसार, यह प्राचीन तालाब स्मारक परिसर के पीछे उस मार्ग के निकट स्थित है, जिसका उपयोग गांव नगर के लोग आवागमन के लिए करते हैं। स्मारक क्षेत्र की सुरक्षा के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) द्वारा चारों ओर तारबाड़ (फेंसिंग) कराई गई है, लेकिन कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा फेंसिंग तोड़ दिए जाने के कारण खंडहर क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश की घटनाएं होती रहती हैं।

मंगलवार सुबह एएसआई की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की नजर तालाब में तैर रहे एक शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल एएसआई के सर्किल अधिकारी दिलीप सिंह को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस को अवगत कराया गया।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष आनंदवीर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसकी अब तक पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों तथा अन्य माध्यमों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मृत्यु के कारणों का पता लगाया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

SP_Singh AURGURU Editor