सेवा का संवेदनशील संकल्प: आगरा की क्षेत्र बजाजा कमेटी को मिला 18वां एसी ताबूत
आगरा। भीषण गर्मी के बीच जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए बजाजा कमेटी को एक और एसी ताबूत दान में मिला है, जिससे अंतिम यात्रा से पूर्व की सेवाएं और अधिक सुगम व त्वरित हो सकेंगी। स्वदेशी बीमा नगर निवासी प्रफुल्ल कुमार दौनेरिया ने अपने पिता स्वर्गीय प्रताप नारायण दौनेरिया की स्मृति में यह 18वां एसी ताबूत दान किया, जिसे कमेटी के पदाधिकारियों को विद्युत शवदाह गृह, ताजगंज परिसर स्थित सत्संग हॉल में विधिवत सौंपा गया।
इस दौरान उनकी धर्मपत्नी बीना गुप्ता भी मौजूद रहीं। कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि दानदाता परिवार द्वारा एक वर्ष पूर्व भी एक एसी ताबूत दान किया गया था, और अब 18वां ताबूत मिलने से सेवा कार्य और अधिक प्रभावी हो जाएगा।
प्रकल्प प्रभारी उत्कर्ष अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते एसी ताबूतों की मांग में तेजी आई है। जहां पहले प्रतिदिन 4-5 ताबूत की आवश्यकता होती थी, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 8-10 तक पहुंच गई है। ऐसे में यह दान जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से ही समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर ताराचंद गोयल, बृजकिशोर अग्रवाल, प्रशान्त गुप्ता, कृष्ण मुरारी “बल्ले”, मनोज शर्मा, संजीव गुप्ता, शिव कुमार गुप्ता, राकेश गर्ग, राम कुमार अग्रवाल, मुकेश नेताजी, अशोक जैन, विपिन जिंदल, संजीव गोयल, विशनू जैन, मुकेश अग्रवाल, प्रमोद, संजय अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।