सीवर लीकेज और बारिश ने खोली निर्माण की पोल, कालिंदी विहार में धंसी सड़क

कालिंदी विहार डी-ब्लॉक में सीवर लीकेज और बारिश के कारण मुख्य सड़क का करीब 10 फुट हिस्सा धंस गया। हादसे के बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक गाय गिर गई, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण में लापरवाही और वर्षों से अधूरे पड़े कार्यों को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है।

Jul 21, 2026 - 19:26
 0
सीवर लीकेज और बारिश ने खोली निर्माण की पोल, कालिंदी विहार में धंसी सड़क
कालिंदी विहार में धंसी सड़क।

आगरा। वार्ड-60 के कालिंदी विहार डी-ब्लॉक में सोमवार शाम सीवर लीकेज और लगातार हो रही बारिश के चलते मुख्य सड़क का करीब 10 फुट हिस्सा अचानक धंस गया। सड़क धंसने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। हादसे के बाद सड़क के बीचों-बीच एक गहरा गड्ढा बन गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

घटना के कुछ ही देर बाद एक गाय भी इस गहरे गड्ढे में गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कालिंदी विहार डी-ब्लॉक की यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार सड़क और सीवर की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

लोगों का कहना है कि इस मामले की शिकायत क्षेत्रीय पार्षद, विधायक और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी कई बार दर्ज कराई जा चुकी है। इसके बावजूद प्रशासन और संबंधित विभागों ने केवल अस्थायी मरम्मत कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। क्षेत्रवासियों के अनुसार, यह सड़क इलाके का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मुख्य मार्ग पर जाम लगने की स्थिति में भारी वाहन समेत अन्य यातायात इसी रास्ते से गुजरता है। लगातार सीवर लीकेज और बरसात के कारण सड़क की नींव कमजोर होती चली गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग ने समस्या के स्थायी समाधान के बजाय केवल मिट्टी और मलबा डालकर खानापूर्ति की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सीवर लाइन और सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं किया गया, तो बरसात के मौसम में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

सड़क धंसने की इस घटना से एक स्थानीय गृहस्वामी को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। मंगलवार को क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़क और सीवर व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।