सपा व्यापार सभा की समीक्षा बैठक में सरकार पर तीखा हमला, 2027 में सत्ता परिवर्तन का किया दावा
आगरा। प्रदेश में दुकानदार, व्यापारी और छोटे-मध्यम उद्यमी सरकारी भ्रष्टाचार और अव्यवस्थित नीतियों से परेशान हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। वर्तमान सरकार आम व्यापारियों के बजाय चुनिंदा लोगों के हित में काम कर रही है। इसी कारण व्यापारी वर्ग अब बदलाव का मन बना चुका है।
यह बात समाजवादी व्यापार सभा के मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित जिला एवं महानगर संगठन की समीक्षा बैठक में कही। बैठक में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
मनोज गुप्ता ने कहा कि आगरा जिले में लगभग एक लाख 40 हजार लोग सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हैं, जिनमें एक लाख 10 हजार मजदूर वर्ग के हैं। वर्तमान समय में कारोबार घटकर मात्र 10 से 20 प्रतिशत रह गया है, जिससे बड़ी संख्या में परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने दावा किया कि व्यापारी वर्ग 2027 के विधानसभा चुनाव में सरकार बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर व्यापारियों और वैश्य समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए प्रदेशभर में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए बाजारों में जाकर समाजवादी सरकारों द्वारा व्यापारियों के हित में लिए गए निर्णयों, जैसे आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 को स्थगित करना, चुंगी प्रथा समाप्त करना, तहबाजारी एवं इंस्पेक्टर राज खत्म करना तथा निशुल्क व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना जैसी उपलब्धियों का प्रचार किया जाएगा।
बैठक का आयोजन जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल एवं महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। अध्यक्षता रामचंद्र पोरवाल ने तथा संचालन मनीष भारद्वाज ने किया।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सचिव राजेश गुप्ता, जिला महासचिव जवाहरलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष इलियास सिद्दीकी, विजय कुमार, शीलू गुप्ता, आगरा ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार यादव, कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार, जिला सचिव संजीव ठाकुर, जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, जिला सचिव सतीश ठाकुर, मीडिया प्रभारी गिरी सिंगल, खैरागढ़ विधानसभा अध्यक्ष गोपाल प्रसाद, उपाध्यक्ष राधा राठौर, कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार, मनोज कुमार, मनीष भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।