भक्ति, आस्था और उल्लास के संग संपन्न हुए श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान, होली मिलन ने बढ़ाया उत्साह

आगरा। शहर के कमला नगर क्षेत्र में जैन समाज द्वारा आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं धार्मिक अनुष्ठानों का समापन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में हुआ। कई दिनों तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने आराधना, पूजन, विधान और विश्वशांति की मंगल कामनाओं के साथ धर्मलाभ प्राप्त किया। समापन अवसर पर विभिन्न मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ होली मिलन समारोह भी आयोजित किए गए, जिनमें समाजजनों ने परस्पर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।

Mar 5, 2026 - 12:15
 0
भक्ति, आस्था और उल्लास के संग संपन्न हुए श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान, होली मिलन ने बढ़ाया उत्साह
शालीमार एन्क्लेव, कमला नगर के जैन मंदिर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन पर धार्मिक क्रियाएं करते श्रद्धालु।

शालीमार एनक्लेव: श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का भव्य समापन

कमला नगर स्थित शालीमार एनक्लेव के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में विधान पुण्यार्जक पारस जैन कंसल एवं मधु जैन कंसल के संयोजन में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ का बुधवार को भक्तिमय वातावरण में भव्य समापन हुआ। 23 फरवरी से 4 मार्च तक चले इस पावन धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने भक्ति, आराधना और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया।

समापन दिवस पर प्रातः 7:00 बजे से 11:00 बजे तक श्रीजी का पूजन, विधान एवं विश्वशांति महायज्ञ की मांगलिक क्रियाएं विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गईं। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और मंत्रोच्चारण तथा भक्ति गीतों के साथ विश्व शांति, सद्भाव और मंगलमय जीवन की कामना की।

विधान के दौरान ब्रह्मचारी आशीष भैया के सान्निध्य में कार्यक्रम सम्पन्न हुआ, जबकि संगीतकारों द्वारा प्रस्तुत भक्ति-संगीत ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। समापन अवसर पर आयोजन समिति द्वारा विधान में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने हर्षोल्लास के साथ होली उत्सव भी मनाया। समाजजनों ने एक-दूसरे को चंदन लगाकर शुभकामनाएं दीं और धार्मिक मर्यादाओं के साथ रंगोत्सव की आनंदमयी शुरुआत की।

इस आयोजन का संचालन श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर ट्रस्ट, व्यवस्थापन समिति एवं शालीमार जैन मंदिर परिवार के तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर राजकुमार गुड्डू, राजू गोधा, संजू गोधा, संभव जैन कंसल, रूपचंद जैन, शैलेंद्र जैन, मुकेश जैन रपरिया, विनीत जैन, अभिषेक जैन, अजीत जैन, हर्ष जैन, गौरव जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन, मिथलेश जैन, अनुमूर्ति जैन, अनामिका जैन सहित शालीमार एनक्लेव जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कमला नगर डी-ब्लॉक: सिद्धचक्र महामंडल विधान समापन पर होली मिलन एवं स्वागत-सम्मान समारोह

कमला नगर के डी ब्लॊक स्थित जैन मंदिर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के समापन समारोह की एक झलक।

इसी क्रम में ग्रेटर कमला नगर जैन समाज एवं कमला नगर महिला मंडल के तत्वावधान में श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर, डी-ब्लॉक कमला नगर में आयोजित श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का समापन दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होली मिलन समारोह एवं स्वागत-सम्मान कार्यक्रम का भी भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल भगवान जिनेंद्र देव के अभिषेक, शांतिधारा एवं विधान पूजन से हुई। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त किया। मंत्रोच्चार, भक्ति गीतों और स्तुति-वंदनाओं से मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। महिला मंडल की सदस्यों ने मंगलाचरण एवं भक्ति प्रस्तुतियों के माध्यम से सभी को भावविभोर कर दिया।

विधान की पूर्णाहुति के अवसर पर श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, समाज की उन्नति और मानव कल्याण की मंगल कामना की। इसके पश्चात आयोजित होली मिलन समारोह में समाजजनों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश देते हुए एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंतर्गत समाज के वरिष्ठजनों, सहयोगकर्ताओं और आयोजन में विशेष योगदान देने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। समस्त मांगलिक क्रियाएं पंडित राकेश जैन शास्त्री के निर्देशन में संपन्न हुईं।

इस अवसर पर मंगल प्रदीप जैन पीएनसी, जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, मनोज जैन बाकलीवाल, दिलीप जैन, राकेश जैन बजाज, सुशील जैन, सुभाष जैन, जीवन जैन अहिंसा, विजय गोयल, अनिल रईस, सचिन जैन, अनिल जैन, नरेश जैन, रश्मि गोयल, शशि जैन, नीरू जैन, माधुरी जैन, वंदना जैन, अंकिता जैन, रुपाली जैन सहित ग्रेटर कमला नगर जैन समाज के अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor