स्नान पूर्णिमा पर श्रीजगन्नाथ जी के कल गजानन स्वरूप में दर्शन, श्रीमथुराधीश जी मंदिर में जलधारा अभिषेक और श्रीप्रेमनिधि मंदिर में यमुना जल से महास्नान

आगरा। स्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर शहर के प्रमुख मंदिरों में सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्रीजगन्नाथ महाभिषेक (स्नान यात्रा) महोत्सव, श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के जलधारा दर्शन तथा श्री प्रेमनिधि मंदिर में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी के दिव्य ज्येष्ठाभिषेक जैसे विशेष धार्मिक आयोजनों को लेकर भक्तों में गहरा उत्साह है। विभिन्न मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार, अभिषेक, भजन-कीर्तन और विशेष श्रृंगार के साथ श्रद्धालुओं को दुर्लभ आध्यात्मिक अनुभूति का अवसर मिलेगा।

Jun 28, 2026 - 22:47
 0
स्नान पूर्णिमा पर श्रीजगन्नाथ जी के कल गजानन स्वरूप में दर्शन, श्रीमथुराधीश जी मंदिर में जलधारा अभिषेक और श्रीप्रेमनिधि मंदिर में यमुना जल से महास्नान

गजानन स्वरूप में दर्शन देंगे भगवान जगन्नाथ, 15 दिन रहेंगे अनवसर काल में

श्रीजगन्नाथ मंदिर द्वारा लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में सोमवार को दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्रीजगन्नाथ महाभिषेक (स्नान यात्रा) महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने बताया कि प्रातः लगभग 11:30 बजे भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र पालकी में विराजमान होकर हरिनाम संकीर्तन के साथ मंदिर से कार्यक्रम स्थल तक शोभायात्रा के रूप में पहुंचेंगे। वहां षोडशोपचार पूजन के बाद पंच नदियों के जल, पंचामृत, पंचगव्य, फलों के रस तथा 251 कलशों से भगवान का महाभिषेक किया जाएगा। महाअभिषेक के बाद भगवान को गजानन स्वरूप में आकर्षक पुष्प एवं परिधानों से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं को भी अभिषेक में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा। परंपरा के अनुसार महाअभिषेक के बाद भगवान 15 दिनों तक 'अनवसर' काल में विश्राम करेंगे और इस अवधि में मंदिर के पट बंद रहेंगे।

श्रीमथुराधीश मंदिर में 51 कलशों से हुआ जलधारा अभिषेक, भक्तों ने किए दिव्य दर्शन

प्राचीन श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में 51 कलशों से ठाकुर जी का दिव्य जलधारा अभिषेक करते सेवायत।

प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में स्नान पूर्णिमा के उपलक्ष्य में 51 पवित्र कलशों से ठाकुर जी का दिव्य जलधारा अभिषेक संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच इत्र, गुलाबजल, तुलसी दल और चंदन से विशेष सेवा की गई। अभिषेक के बाद ठाकुर जी का मनोहारी श्रृंगार किया गया और रंग-बिरंगे पुष्पों से मंदिर को सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर के महंत नंदन श्रोत्रिय एवं जुगल श्रोत्रिय ने आरती के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर नवल श्रोत्रिय, संजीव खंडेलवाल, पं. कोमल, नीटू, प्रीति, राधारानी खंडेलवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्री प्रेमनिधि मंदिर में यमुना जल से ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी का ज्येष्ठाभिषेक

नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में ज्येष्ठाभिषेक महोत्सव के दौरान सुगंधित यमुना जल से ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविंद) जी महाराज का महास्नान कराते सेवाधिकारी।

नाई की मंडी स्थित ऐतिहासिक श्री प्रेमनिधि मंदिर में भक्त प्रेमनिधि जी के सेवित ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविंद) जी महाराज का दिव्य ज्येष्ठाभिषेक महोत्सव श्रद्धा और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। शनिवार रात्रि से ही यमुना जल को सुगंधित द्रव्यों से अधिवासित कर विशेष तैयारी की गई। रविवार प्रातः वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य सुगंधित एवं शीतल यमुना जल से भगवान का महास्नान कराया गया।

केसरयुक्त स्नान-जल के प्रभाव से ठाकुर जी के श्वेत वस्त्र पीतवर्ण में परिवर्तित हो गए, जिसने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। मुख्य सेवाधिकारी हरि मोहन गोस्वामी एवं सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि यह परंपरा ग्रीष्म ऋतु में प्रभु को शीतलता प्रदान करने के उद्देश्य से सदियों से निभाई जा रही है।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने कहा कि इस दिव्य ज्येष्ठाभिषेक के दर्शन से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और परमानंद की अनुभूति होती है। इस अवसर पर आशीष पचौरी, डीके वर्मा, सागर शिवहरे, राजेंद्र गुप्ता, मनोज गुप्ता, प्रार्थना गुप्ता, दीपक, रानू, शाहिल और आशीष अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor