प्रदर्शनी से रेहान वाड्रा की कुछ तस्वीरें हटाई गईं,  बीकानेर हाउस ने कहा,  हमारी नीतियों के खिलाफ थीं तस्वीरें,  देश में राजनीति हुई गरम

बीकानेर हाउस की तरफ से कहा गया कि रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ के तहत प्रदर्शित कुछ तस्वीरें प्रबंधन सोसाइटी की नीति के अनुरूप नहीं पाई गईं। इसलिए उन्हें हटाने का आग्रह किया गया।

Oct 22, 2026 - 20:31
 0
प्रदर्शनी से रेहान वाड्रा की कुछ तस्वीरें हटाई गईं,  बीकानेर हाउस ने कहा,  हमारी नीतियों के खिलाफ थीं तस्वीरें,  देश में राजनीति हुई गरम

नई दिल्ली। दिल्ली के बीकानेर हाउस में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बेटे रेहान वाड्रा की फोटो प्रदर्शनी से 70 से ज्यादा तस्वीरें हटाने को लेकर देश में राजनीति गरमा गई है।  इसके बाद बीकानेर हाउस सोसाइटी ने कहा कि उसने रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी से कुछ तस्वीरें हटाने को कहा क्योंकि वे उसकी नीति के अनुरूप नहीं थीं। सोसाइटी ने कहा कि बाकी तस्वीरें अब भी प्रदर्शनी में लगी हुई हैं। 

सोसाइटी ने एक बयान में कहा कि वह कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समर्पित एक सार्वजनिक सांस्कृतिक संस्थान है और आयोजित प्रदर्शनियों और उनसे जुड़ी गतिविधियों को बीकानेर हाउस प्रबंधन सोसाइटी की नीति के अनुरूप होना चाहिए। सोसाइटी ने कहा, ‘बीकानेर हाउस में रेहान वाड्रा की प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ के तहत प्रदर्शित कुछ तस्वीरें बीकानेर हाउस प्रबंधन सोसाइटी की नीति के अनुरूप नहीं पाई गईं, इसलिए उन्हें हटाने का आग्रह किया गया।’ 

सोसाइटी ने कहा कि उसकी नीति के अनुरूप जो तस्वीरें हैं, वे अब भी प्रदर्शनी में प्रदर्शित की जा रही हैं। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने बुधवार को बताया कि दिल्ली में हाल में हुए विरोध प्रदर्शनों को दर्शाने वाली उनकी कई तस्वीरें बीकानेर हाउस प्रशासन ने उनकी एकल प्रदर्शनी से पहले हटा दी थीं। प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ का झलक बुधवार को हुआ था।

रेहान ने कहा कि उन्हें दिन में साढ़े तीन बजे सूचित किया गया था कि यदि शाम पांच बजे तक तस्वीरें नहीं हटाई गईं तो प्रदर्शनी रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनी का विस्तृत प्रस्ताव और खाका उन्होंने बीकानेर हाउस प्रबंधन के साथ काफी पहले ही शेयर कर दिया था। प्रियंका गांधी ने इस कदम को हास्यास्पद बताते हुए अधिकारियों पर देशभर के युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘आज वह हैं, कल कोई और कलाकार होगा।’ 

कांग्रेस सासंद प्रियंका गांधी ने एक्स पर अपने बेटे के नाम लिखे संदेश में कहा, ‘जब सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति किसी और की अभिव्यक्ति से डरने लगता है तो उसे इसका एहसास नहीं होता, लेकिन वह उस ताकत को पहले ही खो चुका होता है, जिसे वह बचाने की कोशिश कर रहा होता है।’ प्रियंका ने अपने बेटे को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘आप सही के लिए खड़े रहो और हर खूबसूरत चीज खुद आपके पास आएगी। मुझे आप पर गर्व है और हमेशा रहेगा।’