अधिक मास के अंतिम दिन सोमवती अमावस्या पर आगरा में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास की त्रिवेणी, धार्मिक आयोजनों में उमड़ा आस्था का सैलाब

आगरा। शहर में सोमवार को विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया। पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन सोमवती अमावस्या पर श्री खाटू श्याम मंदिर में नौका विहार उत्सव सजा, तो श्रीमथुराधीश जी महाराज मंदिर में अन्नकूट महोत्सव हुआ। श्री प्रेमनिधि मंदिर में अधिकमास मनोरथ महोत्सव का समापन दीपावली उत्सव और हटरी मनोरथ के साथ हुआ। वजीरपुरा मंदिर में कथा ने भजन संध्या के विश्राम लिया। वहीं राधा-माधव कथा के शुभारंभ से पूर्व महिलाओं ने कलश सज्जा और मेहंदी उत्सव के माध्यम से भक्तिमय वातावरण का सृजन किया।

Jun 15, 2026 - 21:09
 0
अधिक मास के अंतिम दिन सोमवती अमावस्या पर आगरा में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास की त्रिवेणी, धार्मिक आयोजनों में उमड़ा आस्था का सैलाब
यमुना किनारा स्थित श्रीमथुराधीश जी महाराज मंदिर में आयोजित गोवर्धन पूजा उत्सव के मौके पर ठाकुर जी के दर्शन करते श्रद्धालु।

माधुराधीश जी मंदिर में श्रद्धा-उल्लास के साथ मना गोवर्धन पूजा उत्सव, अन्नकूट महोत्सव बना आकर्षण

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्रीमथुराधीश जी मंदिर में गोवर्धन पूजा उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के दर्शन कर गोवर्धन पूजा एवं परिक्रमा का पुण्य लाभ प्राप्त किया। मंदिर परिसर भजन-कीर्तन, जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

उत्सव के दौरान भगवान श्रीकृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया। ठाकुर जी को गोवर्धनधारी स्वरूप में अलंकृत किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी कनिष्ठिका अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा की थी। पुष्पों की आकर्षक सजावट और मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में गोवर्धन पर्वत का विधि-विधान से पूजन किया गया तथा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अभिमान का नाश कर गोवर्धन पर्वत की महिमा स्थापित करने की कथा सुनाई गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन करते हुए मंदिर परिसर में गोवर्धन परिक्रमा की और सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना की।

उत्सव का मुख्य आकर्षण अन्नकूट महोत्सव रहा। ठाकुर जी को विभिन्न प्रकार के व्यंजन, मिष्ठान्न और प्रसाद का भोग अर्पित किया गया। विशेष रूप से मिट्टी की सुंदर हांडी में सुसज्जित अन्नकूट प्रसाद श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना।

इस अवसर पर मंदिर के महंत नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, भरत कुमार गुप्ता, सुनीता, योगेश गुप्ता, सपना, युवराज, समीर, यश, प्रखर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

सोमवती अमावस्या पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर में सजा नौका विहार उत्सव


जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में सोमवती अमावस्या पर सजे भव्य नौका विहार उत्सव के दौरान दिव्य श्रृंगार में विराजमान बाबा श्याम।

पुरुषोत्तम मास की पावन सोमवती अमावस्या पर जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में मंदिर ट्रस्ट द्वारा भव्य नौका विहार उत्सव आयोजित किया गया। लाल और पीले पुष्पों से सजे बाबा श्याम के दिव्य श्रृंगार, स्वर्ण मुकुट, कुंडल और आकर्षक आभूषणों से अलंकृत स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

नौका विहार की मनोहारी झांकी पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्रृंगार सेवा श्री श्याम प्रेमी, पोशाक सेवा शिव विजय अग्रवाल एवं बबली अग्रवाल तथा इत्र सेवा प्रवीण कुमार ने संपन्न कराई। राजभोग एवं संध्या भोग मंदिर ट्रस्ट की ओर से अर्पित किया गया।

भजन संध्या में श्याम भजनों पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।

दीपों की ज्योति और हटरी मनोरथ के साथ संपन्न हुआ अधिकमास मनोरथ महोत्सव


कटरा हाथी शाह स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में अधिकमास मनोरथ महोत्सव के समापन पर हटरी मनोरथ एवं दीपावली उत्सव के दौरान दीपों की ज्योति के बीच विराजमान ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज।

कटरा हाथी शाह स्थित ऐतिहासिक श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ महोत्सव का समापन दीपावली उत्सव एवं हटरी मनोरथ के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। मंदिर परिसर दीपों और विद्युत सज्जा से जगमगा उठा। ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को ग्वाल स्वरूप में विराजमान कर हटरी मनोरथ सजाया गया तथा विशेष राजभोग अर्पित किया गया।

मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने कहा कि दीपावली का प्रकाश मन के अज्ञान और अहंकार को दूर करने का संदेश देता है। सेवाधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि ठाकुर जी को नवीन वेशभूषा और अलौकिक आभूषण धारण कराए गए तथा विविध मिष्ठान्नों का भोग लगाया गया।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि 17 मई से प्रारंभ हुआ अधिकमास मनोरथ महोत्सव दीपावली उत्सव के साथ पूर्ण हुआ। चरण सेवक मनीष अग्रवाल (रावी), शिवानी अग्रवाल, उज्ज्वल एवं कृष्णा रहे, जबकि आयोजन में पंकज अग्रवाल, नीलू अग्रवाल और प्रणव अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा।

कलश सज्जा और मेहंदी उत्सव के साथ राधा-माधव कथा का मंगल आगाज


राधा-माधव कथा के शुभारंभ से पूर्व कमला नगर स्थित सद्भावना पार्क में आयोजित कलश सज्जा एवं मेहंदी उत्सव में श्रद्धाभाव से सजे कलशों के साथ सहभागिता करती महिलाएं।

विश्व मंगल सेवा संस्थान द्वारा 16 जून से अग्रवाल सेवा सदन, कमला नगर में आयोजित होने वाली त्रिदिवसीय राधा-माधव कथा के शुभारंभ से पूर्व सद्भावना पार्क में महिलाओं ने कलश सज्जा एवं मेहंदी उत्सव का आयोजन किया। श्रद्धालु महिलाओं ने सुंदर कलश सजाकर और मेहंदी रचाकर कथा महोत्सव के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम का संयोजन मीरा अग्रवाल ने किया, जबकि व्यवस्थाओं का दायित्व प्रतिभा जिंदल ने संभाला।

इस अवसर पर सीमा गर्ग, चारू गर्ग, साधना वर्मा, सोनिया शर्मा, प्रियंका अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, शशि जिंदल, संगीता पोद्दार सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजकों ने बताया कि वृंदावन धाम की सुप्रसिद्ध कथा व्यास पूज्य श्री जी महेश्वरी जी राधा-माधव रसामृत कथा का वाचन करेंगी और श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।

खाटू श्याम भजन संध्या में भक्तों ने लगाई आस्था की हाजिरी

प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजित खाटू श्याम भजन संध्या में भक्ति रस में सराबोर होकर बाबा श्याम के भजनों पर झूमते श्रद्धालु।

आगरा। पुरुषोत्तम मास के अवसर पर प्राचीन सीताराम मंदिर, वजीरपुर में आयोजित आठ दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा महोत्सव का सोमवार को वैदिक विधि-विधान के साथ समापन हुआ। प्रातः विशेष पूजा-अर्चना, व्यास पूजन एवं पंचकुंडीय हवन-पूर्णाहुति में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व कल्याण की कामना की। मुख्य यजमान निरंजन लाल सारस्वत एवं आशा सारस्वत ने पूर्णाहुति में सहभागिता की, जबकि कथा आयोजन में रोहित गर्ग का विशेष सहयोग रहा।

रात्रि में आयोजित भव्य खाटू श्याम भजन संध्या में श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए। भजन गायकों ने बाबा श्याम के लोकप्रिय भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। "हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा" सहित अनेक भजनों पर पूरा मंदिर परिसर श्याममय हो उठा। कार्यक्रम में गोपी गुरु, डॉ. हरेंद्र गुप्ता, मनोज बंसल, अरविंद गुप्ता, अतुल गुप्ता, विजय रोहतगी, सुमन सुराना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor