सपा सांसद अजेंद्र लोधी के बयान से चढ़ा सियासी पारा, आगरा में भाजपा का जोरदार प्रदर्शन
सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आगरा में भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों महिलाओं ने जिला मुख्यालय पर पदयात्रा निकालकर माफी की मांग की। भाजपा नेताओं ने बयान को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और देश की जनता का अपमान बताया।
आगरा। समाजवादी पार्टी के हमीरपुर से सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को आगरा में भाजपा कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया और वरिष्ठ भाजपा नेत्री निर्मला दीक्षित के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने जिला मुख्यालय तक पदयात्रा निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
सुबह 10 बजे से महिलाएं जिला मुख्यालय पर एकत्र होना शुरू हो गई थीं। तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर डटी रहीं। प्रदर्शन के दौरान “अजेंद्र सिंह माफी मांगो”, “मोदी जी का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “समाजवादी पार्टी शर्म करो” जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
सपा की मानसिकता देश विरोधी — प्रशांत पोनिया
जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति इस तरह की निम्नस्तरीय टिप्पणी समाजवादी पार्टी की दूषित मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश के सम्मानित प्रधानमंत्री के खिलाफ इस प्रकार की भाषा लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।
140 करोड़ लोगों की भावनाओं का अपमान — राजकुमार गुप्ता
भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों की आशा, विश्वास और नए भारत के संकल्प के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ की गई टिप्पणी केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे देश की जनता की भावनाओं का अपमान है।
महिलाएं चुनाव में देंगी जवाब — निर्मला दीक्षित
पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य और वरिष्ठ भाजपा नेत्री निर्मला दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। ऐसे नेता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि देश की मातृशक्ति आगामी चुनावों में इसका करारा जवाब देगी।
देश की महिलाएं नहीं करेंगी बर्दाश्त— मंजू भदौरिया
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्वभर में महिलाओं की सबसे बड़ी राजनीतिक पसंद बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अभद्र टिप्पणी करने वाले सांसद और उनकी पार्टी को प्रदेश और देश की महिलाएं लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगी।
प्रदर्शन में शामिल प्रमुख नेता
प्रदर्शन में भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, वरिष्ठ भाजपा नेत्री निर्मला दीक्षित, महेश शर्मा, शिव कुमार प्रमुख, सत्य प्रकाश लोधी, सहदेव शर्मा, रंजना पवार, प्रवीणा राजावत, अनीता खरे, डॉ. निधि शर्मा, आशा देवी चक, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, माधुरी माहौर, सुनीता सारस्वत, उपमा गुप्ता, सीए दीपिका मित्तल, मनीषा सिंह, रमा शर्मा, ज्योति जादौन, अनुपम चौहान, रेनू चौहान, मनीषा जैन, निधि पाठक, सरोज चाहर, कुमकुम उपाध्याय, भावना मिश्रा, सिंपल अग्रवाल, नवीन प्रजापति, अनिल सारस्वत, भाजपा आगरा महानगर मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, जिला मीडिया प्रभारी मुकेश चाहर और सह मीडिया प्रभारी मनीष थापक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।