आगरा में रफ्तार का कहर: दयालबाग के वीर नगर में युवक ने नशे की हालत में कार से खोखे को रौंदा, नानी के साथ बैठे छह साल के प्रदीप की मौत, पांच साल की मासूम बहन जिंदगी से जंग में
आगरा। शहर के न्यू आगरा थानांतर्गत दयालबाग क्षेत्र के वीर नगर में शुक्रवार की दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार कार ने एक खोखे में टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में छह साल के मासूम बालक प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बहन स्नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
नानी के साथ बैठे थे बच्चे, अचानक मचा कोहराम
जानकारी के अनुसार वीर नगर निवासी छोटू अपनी ससुराल में रहता है। उसके ससुर इलाके में एक खोखा चलाते हैं। हादसे के समय छोटू के ससुर खाना खाने गए हुए थे और उसकी सास खोखे पर बैठी थीं। इसी दौरान छोटू के दोनों बच्चे, छह वर्षीय प्रदीप और पांच वर्षीय स्नेहा अपनी नानी के साथ खोखे पर मौजूद थे।
कार ने मारी जोरदार टक्कर, मासूम की मौके पर मौत
करीब डेढ़ बजे वीर नगर निवासी राहुल कार चलाते हुए तेज रफ्तार में वहां पहुंचा और सीधे खोखे में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि स्नेहा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बच्चों की नानी को भी चोटें आई हैं।
हादसे के बाद आरोपी राहुल मौके से फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने मौके पर हंगामा किया और घायल बच्ची को तुरंत हेरिटेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
शराब की बोतल मिली, बिना लाइसेंस चला रहा था कार
घटना की सूचना मिलते ही न्यू आगरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे में धुत था। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से शराब की बोतल बरामद हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और गाड़ी के कागजात भी पूरे नहीं थे।
इलाके में शोक, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक लापरवाह और नशे में धुत ड्राइवर की वजह से एक मासूम की जिंदगी खत्म हो गई, जबकि दूसरी बच्ची अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।