आगरा-जयपुर हाईवे पर फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में तेज रफ्तार इनोवा ने थार को मारी टक्कर, दोनों गाड़ियों को नुकसान, सवार बाल-बाल बचे

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी। आगरा-जयपुर हाईवे पर शनिवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। चौमा शाहपुर स्थित महदऊ कट के पास अजमेर से लखनऊ जा रही एक इनोवा कार ने आगे चल रही थार गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

Apr 25, 2026 - 20:44
Apr 25, 2026 - 20:50
 0
आगरा-जयपुर हाईवे पर फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में तेज रफ्तार इनोवा ने थार को मारी टक्कर, दोनों गाड़ियों को नुकसान, सवार बाल-बाल बचे
आगरा-जयपुर हाईवे पर शनिवार सुबह हुए हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ियां।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, थार गाड़ी चौमा शाहपुर निवासी पंचायत सहायक दलवीर सिंह की बताई जा रही है, जो भरतपुर की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही महाराष्ट्र नंबर की इनोवा कार ने अचानक नियंत्रण खो दिया और थार में जा भिड़ी। टक्कर के बाद दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने इनोवा चालक, जो लखनऊ के मड़ियाव थाना क्षेत्र के फैजुल्लागंज का निवासी बताया जा रहा है, को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जांच जारी है।

गनीमत यह रही कि दोनों वाहनों में सवार लोगों को केवल मामूली चोटें आईं, वरना यह हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत मदद पहुंचाई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि महदऊ कट सहित इस हाईवे पर कई जगहें ब्लैक स्पॉट बन चुकी हैं, जहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बावजूद इसके एनएचएआई द्वारा सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो उचित संकेतक लगाए गए हैं और न ही स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था, जिससे हर दिन हादसों का खतरा बना रहता है।

नगला मालियान मार्ग का लोकार्पण, 2.39 करोड़ से बनी 2.5 किमी सड़क

फतेहपुर सीकरी। फतेहपुर सीकरी–कागारौल मार्ग से नगला मालियान तक आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा दो करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से निर्मित 2.5 किलोमीटर लंबे मार्ग का शुक्रवार को विधिवत लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक चौधरी बाबूलाल ने पूजा-अर्चना कर मार्ग का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने उनका माल्यार्पण कर स्वागत किया।

विधायक चौधरी बाबूलाल ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र की बड़ी आबादी को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्र का विकास तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि सीकरी के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी विकास कार्यों को गति दी जाएगी।Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor