बरेली में तूफान का कहर, चार मौतें और 30 मकान क्षतिग्रस्त, डीएम ने बांटी राहत राशि, घायलों से मिले

बरेली। बुधवार को आई तेज आंधी और तूफान ने बरेली जिले में भारी तबाही मचाई और चार लोगों की जान ले ली, जबकि दर्जनों मकान क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग घायल हो गए। प्राकृतिक आपदा के बाद जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुट गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने प्रभावित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई तथा अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना।

May 14, 2026 - 22:30
 0
बरेली में तूफान का कहर, चार मौतें और 30 मकान क्षतिग्रस्त, डीएम ने बांटी राहत राशि, घायलों से मिले

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि तहसील आंवला क्षेत्र में आई भीषण आंधी और तूफान के कारण कई दुखद घटनाएं सामने आईं। शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार मृतकों के आश्रित परिवारों को दैवीय आपदा राहत सहायता के तहत चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है।

प्राकृतिक आपदा में तहसील आंवला क्षेत्र के ग्राम हैरामपुर निवासी 12 वर्षीय देवकी पुत्री राजेश कुमार, ग्राम बेहटा जूनो निवासी 6 वर्षीय लीपी पत्नी उमेदी, ग्राम नंदगांव निवासी 56 वर्षीय घासीराम पुत्र पूरनलाल तथा 76 वर्षीय गोमती पत्नी पूरनलाल की दर्दनाक मौत हो गई।

आंधी और तूफान के कारण जिले में 30 मकानों के क्षतिग्रस्त होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभावित मकान स्वामियों को तत्काल चार-चार हजार रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है। साथ ही मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी सहायता दिए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि आपदा में 9 पशुओं की भी मौत हुई है, जिसके लिए पशुपालकों को कुल 15 लाख 33 हजार 500 रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई है।

घायलों के उपचार की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने बीके पलक हॉस्पिटल पहुंचकर ग्राम बामियाना निवासी नन्हे पुत्र वाहिद से मुलाकात की और दैवीय आपदा के अंतर्गत निर्धारित आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि 13 मई को आई भयंकर आंधी के दौरान उड़ती हुई टीन नन्हे पर जा गिरी थी, जिससे वह दूर जाकर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उपजिलाधिकारी आंवला को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को समयबद्ध तरीके से हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जनपद में संभावित प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए सतर्कता और निगरानी बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor