परीक्षा देकर लौटते समय सड़क हादसे में घायल हुए छात्र की बुझ गई जिंदगी, फतेहपुर सीकरी के कुशाल गुप्ता की मौत से मातम, हाईवे के खतरनाक कट फिर सवालों में

-महावीर सिंह वर्मा- फतेहपुर सीकरी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे कस्बे को गमगीन कर दिया। बीबीए की परीक्षा देकर लौटते समय होनहार छात्र कुशाल गुप्ता की सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवा छात्र की असमय मौत से परिवार ही नहीं, पूरा फतेहपुर सीकरी शोक में डूब गया। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने असुरक्षित कट और लापरवाह यातायात व्यवस्था को इस हादसे का बड़ा कारण बताया है।

May 9, 2026 - 14:06
 0
परीक्षा देकर लौटते समय सड़क हादसे में घायल हुए छात्र की बुझ गई जिंदगी, फतेहपुर सीकरी के कुशाल गुप्ता की मौत से मातम, हाईवे के खतरनाक कट फिर सवालों में
छात्र कुशाल गुप्ता की फाइल फोटो।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर सीकरी के व्यवसाई रमन गुप्ता का पुत्र कुशाल गुप्ता विगत 7 मई 2026 को आगरा के राजा बलवंत सिंह कॉलेज, खंदारी कैंपस में बीबीए की परीक्षा देने गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह वापस फतेहपुर सीकरी लौट रहा था। महूअर के समीप दक्षिणी बाईपास कट पर पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने कुशाल बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कुशाल के सिर में गंभीर चोट आई।

घायल अवस्था में कुशाल तत्काल आगरा के रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनका उपचार कर रही थी। लेकिन जिंदगी की जंग लड़ रहे कुशाल ने 8 मई 2026 की सुबह करीब 9 बजे दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया है कि कुशाल गुप्ता बेहद प्रतिभाशाली और मिलनसार छात्र था। परिवार में दो भाई हैं, जिनमें बड़ा भाई किराना स्टोर पर कार्य करता है। कुशाल की मौत की खबर फैलते ही फतेहपुर सीकरी में शोक की लहर दौड़ गई।

पालिका के पूर्व अध्यक्ष त्रिलोकचंद मित्तल, वर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम, मुरारी बजरंगी, मोहन अग्रवाल, अंजय गोयल, विष्णु गुप्ता, प्रमोद सिंघल, नीरज शुक्ला, पूर्व प्रधान महावीर सिंह वर्मा, पूर्व सभासद राजेश शर्मा, सभासद मनोज सिंघल, हनी गोयल, राहुल घाटी, राजेश मित्तल और महेश चंद गोयल सहित तमाम लोगों ने कुशाल की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने खतरनाक कट और चेतावनी बोर्डों की कमी लगातार युवाओं की जान ले रही है। आए दिन अनियंत्रित वाहन सड़क हादसों में लोगों को मौत के मुंह में धकेल रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब भी गंभीर दिखाई नहीं दे रहे।

SP_Singh AURGURU Editor