डांट से डरकर आगरा से भागा टेबल टेनिस खिलाड़ी मुंबई में मजदूरी करते मिला

17 वर्षीय नेशनल टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश 31 जुलाई को आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम हॉस्टल से लापता हो गया था। हॉस्टल में अलमारी से सिगरेट मिलने पर डांट पड़ने के बाद वह डरकर बिना बताए निकल गया और आगरा से मथुरा, उज्जैन, नागदा व इंदौर होते हुए मुंबई पहुंच गया। वहां वह कुछ युवकों के साथ रहकर मजदूरी कर रहा था। आगरा कैंट स्टेशन के सीसीटीवी और सोशल मीडिया मैसेज की मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और मुंबई से उसे सकुशल बरामद कर लिया।

Sep 6, 2026 - 00:38
 0
डांट से डरकर आगरा से भागा टेबल टेनिस खिलाड़ी मुंबई में मजदूरी करते मिला
टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश।

आगरा। एक अलमारी, उसमें मिली सिगरेट और इसके बाद मिली डांट… 17 साल के नेशनल स्तर के टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश के लिए यह मामूली घटना इतनी भारी पड़ गई कि उसने हॉस्टल छोड़ने का फैसला कर लिया। 31 जुलाई को सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से निकला वंश कई शहरों का सफर तय करते हुए मुंबई पहुंच गया। परिवार और पुलिस उसे आगरा से लेकर दूसरे शहरों तक तलाशते रहे, जबकि वंश मुंबई में दूसरे युवकों के साथ रहकर मजदूरी कर अपना खर्च चला रहा था। आखिरकार सोशल मीडिया पर भेजे गए एक मैसेज ने पुलिस को उसकी लोकेशन तक पहुंचा दिया और उसे सकुशल बरामद कर लिया गया।

स्टेडियम से निकला, स्टेशन पहुंचा और फिर बदलता गया शहर

वंश के हॉस्टल से अचानक गायब होने के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन शुरुआती दौर में कोई स्पष्ट सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस ने स्टेडियम के आसपास के अलावा रेलवे स्टेशन और संभावित रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच के दौरान आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरों में वंश दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित सफर की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। फुटेज से यह साफ हुआ कि वंश आगरा से बाहर निकल चुका है। इसके बाद पुलिस ने रेलवे मार्ग और उसके संभावित ठिकानों की पड़ताल तेज कर दी।

दोस्त को इंस्टाग्राम पर किया मैसेज, खुल गया मुंबई का रास्ता

वंश की तलाश में सबसे अहम सुराग सोशल मीडिया से मिला। पुलिस को पता चला कि वंश ने अपने एक दोस्त से फोन पर संपर्क किया था। इसके बाद उसने किसी दूसरे लड़के के मोबाइल फोन से दोस्त को इंस्टाग्राम पर मैसेज भी किया। पुलिस ने इस डिजिटल सुराग को गंभीरता से लिया और मैसेज से जुड़ी जानकारी के आधार पर उसकी संभावित लोकेशन का पता लगाने का प्रयास शुरू किया। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को वंश के मुंबई में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम मुंबई रवाना हुई और वहां उसकी तलाश शुरू कर दी।

आगरा से मथुरा, फिर उज्जैन-नागदा होते हुए मुंबई

पुलिस पूछताछ में वंश ने अपने घर से निकलने के बाद की पूरी यात्रा के बारे में जानकारी दी। उसने बताया कि वह ट्रेन से आगरा से मथुरा पहुंचा। इसके बाद वह उज्जैन, नागदा और इंदौर होते हुए मुंबई पहुंच गया। मुंबई में उसने कुछ लड़कों के साथ रहना शुरू कर दिया। घर से दूर इस किशोर ने वहां अपने खर्च के लिए मजदूरी तक की। जिस उम्र में वह टेबल टेनिस के मैदान पर अपने खेल को निखार रहा था, उसी उम्र में वह अनजान शहर में मेहनत-मजदूरी कर जिंदगी गुजार रहा था।

अलमारी में मिली सिगरेट बनी घर छोड़ने की वजह

पुलिस के मुताबिक, वंश ने पूछताछ में बताया कि हॉस्टल में उसकी अलमारी से सिगरेट मिली थी। इसके बाद आरएसओ ने उसे डांट दिया। वंश का कहना था कि वह डांट से डर गया और क्षुब्ध होकर बिना किसी को बताए हॉस्टल से निकल गया। हॉस्टल से बाहर आने के बाद उसने वापस लौटने के बजाय आगरा से दूर जाने का फैसला किया। देखते ही देखते उसका सफर आगरा से मथुरा और फिर मध्य प्रदेश होते हुए मुंबई तक पहुंच गया।

कई दिनों बाद परिवार को मिली राहत

वंश के लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा था। पुलिस भी उसकी सुरक्षित बरामदगी के लिए अलग-अलग माध्यमों से सुराग जुटा रही थी। आखिरकार मुंबई में वंश के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस टीम उसे सकुशल आगरा लेकर पहुंची। हालांकि नाबालिग होने के कारण उसकी आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जा रही है। एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि वंश सकुशल बरामद हो गया है। नियमानुसार उसे चाइल्ड केयर सेंटर भेजा जा रहा है। इसके बाद किशोर न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।